
दुर्ग – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान(PM-KUSUM)योजना से अवगत कराने के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया है। यह शिविर दुर्ग शहर के राजनांदगांव रोड, शिवनाथ नदी के पास, पुलगांव स्थित हॉटल वृन्दावन में दिनांक 22 सितंबर 2025 को दोपहर 12ः00 बजे आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के साथ जर्मनी सरकार की ओर से जी.आई.जेड. (GiZ) के साथ नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में कार्य करने का समझौता हुआ है। शिविर में जी.आई.जेड. के प्रतिनिधि सौर ऊर्जा एवं पीएम-कुसुम योजना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने के लिये उपलब्ध रहेंगे।
इसके अतिरिक्त पीएम सूर्यघर योजना के तहत सौर संयंत्र लगाने की जानकारी भी दी जायेगी। किसानों की सहायता के लिये बैंकों के प्रतिनिधि एवं कुछ वेंडर्स भी शिविर में उपस्थित रहेंगे। पीएम-कुसुम योजना का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना, जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करना और सिंचाई के लिए किसानों को सस्ती या मुफ्त सौर ऊर्जा उपलब्ध कराना है।
इस योजना का लाभ व्यक्तिगत किसान, किसानों का समूह, सहकारी समितियाँ, पंचायतें, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), जल उपयोगकर्ता संघ ले सकते हैं। यह शिविर किसानों को सौर ऊर्जा के लाभों को समझने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




