
छावनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
भिलाई। सोशल मीडिया के जरिए ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक युवती और उसके परिवार को करोड़ों का चूना लगाया।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपी का नाम तुषार गोयल (उम्र 21 वर्ष) है, जो शिक्षक नगर, दुर्ग का निवासी है। आरोपी अपने आपको कपड़ों का बड़ा व्यापारी बताकर लोगों को विश्वास में लेता था और ठगी की वारदात को अंजाम देता था।
लाखों के गहने और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 18 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। साथ ही, धोखाधड़ी से फायनेंस कराए गए 4 दोपहिया वाहन (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) भी जब्त किए गए। कुल मिलाकर 23 लाख रुपये का माल आरोपी से बरामद हुआ है।
फिक्स डिपॉजिट और बैंक खातों से धोखाधड़ी
आरोपी ने प्रार्थी और उसकी पत्नी के नाम पर जमा की गई करीब 26 लाख रुपये की फिक्स डिपॉजिट राशि भी निकाल ली थी। इसके अलावा, अन्य लोगों से भी कार दिलाने के नाम पर करीब 6.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान से ठगी
प्रार्थी राजकुमार गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी ने उसकी पुत्री से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती की और धीरे-धीरे परिवार को विश्वास में लेकर गहने और रकम हड़प ली। शिकायत पर अपराध क्रमांक 496/25 धारा 420 भादवि एवं 318 (4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की जांच और कार्रवाई
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए बार-बार किराये का मकान बदल रहा था। छावनी पुलिस ने उसे पकड़कर कड़ी पूछताछ की और आरोपी की निशानदेही पर गहने और वाहन जब्त किए। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




