
भिलाई नगर। वृंदानगर, वार्ड क्रमांक 29 में आज स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण विषय पर आधारित एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में वार्ड की लगभग 300 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की, जो यह दर्शाता है कि आज महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में जागरूक होकर सजगता से आगे बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य “हर महिला बने आत्मनिर्भर – हर घर बने सशक्त” को जमीनी स्तर पर साकार करना था। महिलाओं को घरेलू उद्योग, स्वरोजगार, प्रशिक्षण, और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है, तो उसका पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है।
इस आयोजन की सफलता में नगर निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय, ज़ोन 2 की आयुक्त ऐशा लहरे, जिला उद्योग अधिकारी एस के प्रजापति, चैंबर ऑफ कॉमर्स के वरिष्ठ पदाधिकारी अजय भसीन, और स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत सह समन्वयक संजय चौबे जी का विशेष योगदान रहा। इन सभी ने उपस्थित महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दिया और स्वदेशी तथा स्वावलंबन के संकल्प को दोहराया।
प्रांत सह समन्वयक संजय चौबे ने अपने उद्बोधन में कहा, “यदि हमें भारत को आत्मनिर्भर बनाना है, तो उसकी नींव महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर ही टिकेगी। हमें गांव-शहर की हर महिला को हुनरमंद, आत्मविश्वासी और आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना होगा। आज सरकार हर कदम पर मदद को तैयार है, जरूरत है केवल हिम्मत और पहल करने की।
कार्यक्रम के दौरान जोन आयुक्त ऐशा लहरे को प्रेरणादायक पुस्तक ‘स्वावलंबन की ओर बढ़ता भारत’ भेंट की गई, जिसमें ग्रामीण एवं शहरी महिलाओं के लिए रोजगारोन्मुख योजनाओं का उल्लेख है। साथ ही उपस्थित समस्त बहनों और माताओं को ‘स्वदेशी बनाम विदेशी उत्पादों की सूची’ वितरित की गई, ताकि दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बल मिल सके और लोकल व्यापार को समर्थन मिले।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि कौशल विकास ही आत्मनिर्भरता का आधार है। यदि हर महिला सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, खाना बनाना, डिज़िटल काम या किसी भी लघु हुनर में पारंगत हो जाए, तो वह आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ दूसरों को भी रोजगार दे सकती है। महिलाओं को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, स्टार्टअप इंडिया, मुद्रा लोन योजना आदि के बारे में बताया गया और इनका लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया।
पार्षद श्री संजय सिंह ने सभी अतिथियों, नगर निगम, जिला प्रशासन एवं वार्डवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा –
“आज का यह आयोजन एक नई शुरुआत है। जब महिलाएं सशक्त होंगी, तो समाज स्वतः ही सशक्त होगा। हमें यह सुनिश्चित करना है कि यह अभियान केवल एक दिन की प्रेरणा न होकर, एक सतत जन-आंदोलन बने।”
हर हाथ में हुनर, हर घर में समृद्धि
जब नारी बने स्वावलंबी, तभी राष्ट्र बने संपन्न
स्वदेशी अपनाओ, आत्मनिर्भरता बढ़ाओ
कौशल है शक्ति, आत्मनिर्भरता है प्रगति
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे