
आईसीसी की ओर से नई रैंकिंग जारी कर दी गई है। इस बार वैसे तो बहुत ज्यादा बदलाव नहीं हुए हैं, लेकिन थोड़ा सा परिवर्तन दिखाई दे रहा है। बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली गई थी। इसका असर अब टेस्ट रैंकिंग पर भी नजर आ रहा है। इस बीच बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज ने एक स्थान की छलांग मारी है। सीरीज में दोनों टीमों ने एक एक मैच जीता था, इसके बाद ये बराबरी पर खत्म हो गई थी।
मेहदी हसन मिराज को मिला एक स्थान का फायदा
आईसीसी ने टेस्ट की जो नई रैंकिंग जारी की है, उसकी ऑलराउंडर्स लिस्ट में बदलाव देखने के लिए मिल रहा है। भारत के रवींद्र जडेजा टेस्ट के नंबर वन ऑलराउंडर बने हुए हैं। उनकी रेटिंग इस वक्त 400 की चल रही है। इस बीच बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। मेहदी हसन को एक स्थान का फायदा मिला है। उनकी रेटिंग अब बढ़कर 327 हो गई है।
भले ही रवींद्र जडेजा और मेहदी हसन में रेटिंग का काफी ज्यादा फासला हो, लेकिन वे ही जडेजा के सबसे ज्यादा करीब हैं। मेहदी हसन के आगे जाने से साउथ अफ्रीका के मार्को जानसेन को अब एक स्थान नीचे जाना पड़ा है। वे अब 294 की रेटिंग के साथ तीसरे स्थान पर चले गए हैं। बाकी टॉप 10 की रेटिंग में कोई भी बदलाव देखने के लिए नहीं मिल रहा है।
तैजुल इस्लाम ने भी मारी लंबी छलांग
बात अगर टेस्ट में गेंदबाजों की रेटिंग की करें तो इसमें भी हल्का सा बदलाव है, लेकिन टॉप 10 की रैंकिंग यहां पहले ही जैसी है। भारत के जसप्रीत बुमराह नंबर एक गेंदबाज बने हुए हैं। उनकी रेटिंग 908 की है। उनके भी आसपास कोई नहीं है। दूसरे नंबर पर कगिसो रबाडा हैं, जिनकी रेटिंग 837 की है। यानी इन दोनों की रेटिंग में काफी अंतर है।
इस बीच बांग्लादेश के तैजुल इस्लाम ने लंबी छलांग मारी है। वे अब सात स्थानों की छलांग लगाने में कामयाब हो गए हैं। हालांकि इसके बाद भी उनकी जगह टॉप 10 में नहीं बनी है। वे अब 16 स्थान पर पहुंच गए हैं। तैजुल इस्लाम की छलांग के कारण क्रिस वोक्स, केशव महाराज, केमार रोच और काइल जेमिसन को एक एक स्थान नीचे आना पड़ा है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




