छत्तीसगढ़दुर्गभिलाई

छोटी-छोटी पर महत्वपूर्ण जानकारी…पढ़े पूरी खबर…

जिला स्तरीय पंथी प्रतियोगिता 17 दिसंबर 2024 को

दुर्ग / कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में जिले के अनुसुचित जाति वर्ग के लोगों की पारंपरिक लोक कला यथा लोकगीत/लोक गायन/लोक नृत्य जैसे- पंथी नृत्य, पंडवानी, भरथरी तथा अनुसुचित जाति वर्ग के लोगों के पारंपरिक लोक वाद्य आदि में कलाकारों की प्रतिभा की पहचान करने एवं उन्हे पुरस्कृत कर प्रोत्साहित करने हेतु 17 दिसंबर 2024 को सुबह 11 बजे विश्व बैंक कॉलोनी भिलाई 03 दुर्ग में जिला स्तरीय पंथी प्रतियोगिता आयोजित की गयी है।

जिसकी प्रविष्टियां 16 दिसंबर 2024 शाम 4 बजे तक कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास दुर्ग में प्रस्तुत कर सकते है। आदिवासी विकास विभाग दुर्ग के सहायक आयुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रविष्टियां प्रस्तुत करने हेतु इच्छुक दलों को अपेक्षाओं की पूर्ति करना अनिवार्य होगा।

जिसके अंतर्गत अनुसूचित जाति लोक कला दल का पूर्ण विवरण, अनुसूचित जाति वर्ग में अपनी पारंपरिक कला के माध्यम से चेतना जागृत करने तथा सामाजिक उत्थान के लिए यदि कार्य किए है तो इसका विवरण, यदि कोई अन्य पुरस्कार प्राप्त किए है तो उसकी जानकारी, प्रविष्टिकर्ता के उत्कृष्ट कार्य के विषय में कोई लेख प्रकाशित हुआ है तो उसका विवरण, सामाजिक चेतना जागृत करने तथा सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उनके कार्य के संबंध में कोई ख्यात व्यक्ति अथवा पत्र पत्रिकाओं द्वारा टिप्पणी की गई तो उसकी प्रति, अन्य जानकारी जो प्रविष्टिकर्ता देना चाहे संलग्न करना होगा।

प्रविष्टिकर्ता दल को जिला स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए आने जाने एवं अन्य व्यय स्वयं वहन करना होगा। जिले से चयनित सर्वश्रेष्ठ एक दल को राज्य स्तरीय प्रतिस्पर्धा के लिए आने जाने तथा ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था विभाग द्वारा की जायेगी। प्राप्त प्रविष्टियों में से राज्य स्तरीय प्रतिस्पर्धा में शामिल करने के लिए कलेक्टर सुश्री चौधरी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा प्रविष्टियों का परीक्षण कर अथवा जिला स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित कराकर एक प्रविष्टि का चयन किया जायेगा।

नगर निगम/नगर पालिका/नगर पंचायत के वार्डों के आरक्षण 19 दिसंबर को

दुर्ग / नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2024 हेतु छत्तीसगढ़ नगर पालिका (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिए वार्डों का आरक्षण) नियम 1994 एवं छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम 1956/नगर पालिका अधिनियम 1961 के प्रावधानानुसार नगर पालिक निगम/नगर पालिका परिषद्/नगर पंचायत के वार्डों के आरक्षण 19 दिसंबर 2024 दिन गुरूवार को दोपहर 04 बजे जिला कार्यालय दुर्ग के सभाकक्ष में होना है।

कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने परिपत्र जारी कर आयुक्त नगर पालिका निगम दुर्ग, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद कुम्हारी/अहिवारा/अमलेश्वर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पंचायत उतई/धमधा/पाटन को सूचना की एक-एक प्रति नगर पालिक निगम/नगर पालिका परिषद्/नगर पंचायत कार्यालय के सूचना पटल पर एक-एक प्रति प्रत्येक वार्डों के सहित दृश्य स्थान पर चस्पा कर प्रकाशित करने एवं प्रकाशन का प्रमाण-पत्र कार्यालय कलेक्टर को विशेष वाहक के माध्यम से भिजवाना सुनिश्चित करने कहा है। आरक्षण हेतु निर्धारित तिथि एवं समय के 01 घण्टे पूर्व अपने स्टॉफ के साथ अभिलेख सहित पूर्ण तैयारी के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने कहा गया है।

17 के जगह 19 दिसंबर को होगा साक्षात्कार

दुर्ग / छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिला एवं जनपद पंचायतों में विभिन्न पदों पर संविदा भर्ती हेतु विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे से मिली जानकारी के अनुसार योजनान्तर्गत उपरोक्त संविदा पदों की पूर्ति हेतु उदय प्रसाद उदय शासकीय पालिटेक्निक कॉलेज दुर्ग में पदवार कौशल परीक्षा के बाद 17 दिसंबर 2024 को सभागार जिला पंचायत दुर्ग में साक्षात्कार आयोजित किया गया था तथा साक्षात्कार हेतु अभ्यर्थियों की संख्या 1:15 निर्धारित थी।

जिसे प्रशासनिक कारण एवं चयन समिति के निर्णय के आधार पर संशोधित करते हुए 19 दिसंबर 2024 को प्रातः 11 बजे आयोजित किया गया है। निर्धारित तिथि व समय संबंधित जानकारी के लिए जिला पंचायत के सूचना पटल का एवं जिले की वेबसाइट https://durg.cg.gov.in तथा zpdurg.com पर अवलोकन कर सकते है।

विधानसभा सत्र 16 से 20 दिसम्बर हेतु नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त

दुर्ग / छत्तीसगढ़ विधानसभा का षष्ठम विधानसभा का चतुर्थ सत्र सोमवार दिनांक 16 दिसम्बर 2024 से प्रारंभ होकर शुक्रवार दिनांक 20 दिसम्बर 2024 तक निर्धारित है। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार सत्र के दौरान विधानसभा प्रश्नों के उत्तर तैयार करने, ध्यानाकर्षण,

शून्यकाल आदि के लिये जिले के अधिकारियों से सामंजस्य स्थापित कर त्वरित गति से जवाब भेजने के लिये अपर कलेक्टर अरविन्द कुमार एक्का को नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर हितेश पिस्दा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सहायक नोडल अधिकारी विधानसभा प्रश्नों की जानकारी समय-सीमा के भीतर प्राप्त कर नोडल अधिकारी को प्रस्तुत करेंगे।

संयुक्त/डिप्टी कलेक्टरों के मध्य कार्यविभाजन में किया गया आंशिक संशोधन

दुर्ग / कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार संयुक्त/डिप्टी कलेक्टरों के मध्य कार्यविभाजन में आंशिक संशोधन किया गया है, जिसमें डिप्टी कलेक्टर श्री हितेश पिस्दा को पूर्व में सौंपे गए कार्यों के अतिरिक्त नजूल/नजूल जांच शाखा, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा समय-समय पर सौंपे गये अन्य कार्यों के दायित्व सौंपे गए हैं।

डिप्टी कलेक्टर उत्तम कुमार ध्रुव को पूर्व में सौंपे गये कार्यों के अतिरिक्त आवास आबटन शाखा, मुख्यमंत्री मंत्री सहायता/संजीवनी कोष शाखा, इंग्लिश मीडियम स्कूल नोडल अधिकारी, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा समय-समय पर सौंपे गये अन्य कार्यों के दायित्व सौंपे गए हैं।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button