छत्तीसगढ़दुर्गभिलाई

छोटी-छोटी पर महत्वपूर्ण जानकारी…पढ़े पूरी खबर..

संविदा नियुक्ति (कम्प्यूटर शिक्षक, व्यायाम शिक्षक, सहायक शिक्षक विज्ञान, ग्रंथपाल) हेतु दावा आपत्ति आमंत्रित

दुर्ग / स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षक, व्यायाम शिक्षक, सहायक शिक्षक विज्ञान एवं ग्रंथपाल पद पर संविदा नियुक्ति हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों के परीक्षण उपरान्त पात्र एवं अपात्र की सूची प्रकाशित की गई है। आवेदक 15 जून 2023 तक कार्यालयीन समय सुबह 10 बजे से 05 बजे के मध्य दावा आपत्ति कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त दावा आपत्ति पर विचार नही किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार यदि किसी आवेदक का नाम दावा आपत्ति सूची में नही है तथा उन्होंने आवेदन डाक के माध्यम से प्रेषित किया था, ऐसी स्थिति में आवेदक से आवेदन के साथ रजिस्ट्री अथवा स्पीड पोस्ट के रसीद की मूल प्रति प्रस्तुत किए जाने पर जांच उपरांत आवेदन स्वीकार किए जाने के संबंध में विचार किया जायेगा। दावा आपति हेतु आवेदन प्राप्त होने के उपरान्त 17 जून तक मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी। जिसका अवलोकन वेबसाईट durg.nic.in में किया जा सकता है। साक्षात्कार हेतु सूचना पृथक से वेबसाईट पर प्रकाशित की जाएगी। दावा आपति मूल आवेदन के साथ संलग्न दस्तावेजों से अंकित जानकारी में त्रुटि के संबध की जा सकेगी। नए दस्तावेज स्वीकार नहीं किये जायेंगे।

क्रेडा सदस्य ने सौर संयंत्र हेतु प्रस्तावित स्थल का किया निरीक्षण

दुर्ग / छ.ग. राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण क्रेडा ऊर्जा विभाग द्वारा अपारम्परिक ऊर्जा स्त्रोतों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऊर्जा के वैकल्पिक स्त्रोतों पर बहुत ही तेज गति से सौर ऊर्जा के क्षेत्र में निरंतर प्रयास किये जा रहे है। विगत 12 जून 2023 को विजय साहू (सदस्य क्रेडा रायपुर), क्रेडा के अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारियों द्वारा लाल बहादुर शास्त्री सिविल अस्पताल सुपेला भिलाई में सौर संयंत्र हेतु प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में 100 किलो वॉट क्षमता के सोलर पॉवर प्लांट संयंत्र स्थापना कार्य हेतु प्रस्तावित किया गया है एवं क्रेडा के अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिये गये है।

इसके अलावा जिला प्रभारी क्रेडा जिला दुर्ग से मिली जानकारी अनुसार स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारियों द्वारा क्रेडा सदस्य श्री साहू को अवगत कराया गया कि वर्तमान में अस्पातल में मरीजों के सुविधा हेतु 100 बिस्तर संचालित हो रहा है। अस्पताल परिसर के बेहतर संचालन तथा मरीजों की सुविधा हेतु 50 बिस्तर की स्वीकृति की गई है। साथ ही एवं डायग्नोजिस्ट्स, 4 मेडिकल ऑफिसर एवं 1 रेडियोलॉजिस्ट की मांग की गई है। निरीक्षण के दौरान धर्मराज शर्मा, क्रेडा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण व प्रदीप शाह, अमित वर्मा, निखिल शर्मा एवं अन्य नागरिकगण उपस्थित थे।

राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं -कलेक्टर, कलेक्टर ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

दुर्ग / कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर जमीन से जुड़े सभी अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व वसूली, नक्शा बटांकन, डायवर्सन की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभागीय प्रकरणों के निराकरण में लेटलतीफी करने वाले वाले अधिकारियों को फटकार लगाई और सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन सर्वोच्च प्राथमिकता से करने को कहा।

उन्होंने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर हुई कार्यवाही के बारे अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। साथ ही सभी अधिकारियों को आगामी विधानसभा निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए गंभीरतापूर्वक कार्य करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से मतदाता सूची पुनरीक्षण हेतु बीएलओ घर घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन से संबंधित एवं मतदान केन्द्र में रेम्प, शौचालय एवं पानी की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड बनाने से छूटे हुए लोगों की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि छूटे हुए लोगों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बन जाए, इसके लिए उन्होंने अधिकारियों से बेहतर कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
सारथी ऐप का उपयोग करते हुए जनदर्शन, जनचौपाल और जन शिकायतों के प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पंचायत विभाग से संबंधित कार्यो की समीक्षा करते हुए जिले के सभी गौठानों में गोधन न्याय योजना के तहत वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन एवं विक्रय की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने क्रय किए गए गोबर से वर्मी कम्पोस्ट कंवर्जेंस का प्रतिशत बढ़ाने तथा वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय में बढ़ोतरी लाने के निर्देश दिए। बैठक में सभी अनुविभाग के एसडीएम तहसीलदार व जनपद सीईओ उपस्थित थे।

बेरोजगारों के लिए हो रोजगार का प्रबंध-कलेक्टर

दुर्ग / कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने आज अधिकारीयों की समय-सीमा बैठक में जिले के बेरोजगारों के लिए रोजगार के प्रबंध पर अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत् स्कूल मरम्मत, शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल में भर्ती प्रक्रिया, जल-जीवन मिशन, कुपोषण मुक्ति अभियान, स्वास्थ्य मिशन के कार्यों और सामाजिक सुरक्षा पेंशन आदि के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। कलेक्टर ने नगरीय निकायों में वृक्षारोपण कार्ययोजना पर भी अधिकारियों से चर्चा की। कलेक्टर श्री मीणा ने अधिकारियों कोे अवगत कराया कि शासन की मंशानुसार बेरोजगारों के लिए रोजगार हेतु विभागवार जानकारी एकत्र किया जाना है।

उन्होंने निर्माण कार्य एजेंसी विभागों के अधिकारियों को संबंधित कॉन्टैक्टर/ निविदाकारों से उनकी आवश्यकताएं संग्रह करने बैठक आयोजित करने कहा। साथ ही कार्यों के अनुरूप कुशल, अर्धकुशल, टेक्निकल, ड्राईवर आदि पद पूर्ति हेतु सूची जिला रोजगार कार्यालय को उपलब्ध कराने निर्देशित किया। इसी प्रकार प्राईवेट मेडिकल संस्थान की आवश्यकताएं, नगरीय निकाय अंतर्गत शॉपिंग मॉल और सभी दुकानों में सर्वे कराकर आवश्यकता के मुताबिक रोजगार का प्रबंध किया जाये। उन्होंने जिला रोजगार अधिकारी को प्लेसमेंट एजेंसियों की नियुक्ति पर विशेष फोकस करते हुए प्रशिक्षण हेतु शासकीय व्हीटीपी के माध्यम से बेरोजगारों को प्रशिक्षण सुनिश्चित करने कहा। ताकि प्रशिक्षित बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराया जा सके।

कलेक्टर ने स्कूल जतन योजना की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य एजेंसी विभाग आरईएस से प्रारंभ एवं अप्रारंभ कार्यों की जानकारी ली। साथ ही स्वीकृत कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने कहा। उन्होंने स्वामी आत्मानंद स्कूलों में भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्यपूर्णता पर जोर देते हुए हर घर शुद्ध जल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने कहा। कुपोषण मुक्ति अभियान के तहत् आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानों की प्रशिक्षण निर्धारित रोस्टर अनुसार संपन्न कराने तथा सुपोषित बच्चों के लिए निर्धारित रोस्टर उपलब्ध कराने डीपीएम को निर्देशित किया।

कलेक्टर ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनांतर्गत पात्र हितग्राहियों को पेंशन राशि का भुगतान समय पर हो, सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने उपसंचालक पंचायत को इस संबंध में आवश्यक पहल करने निर्देशित किया। कलेक्टर ने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को जिले में प्रस्तावित कार्ययोजना अनुरूप विशेषकर नगरीय निकायों को बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करने निर्देशित किया।

बैठक में सीइओ जिला पंचायत अश्वनी देवांगन, दुर्ग नगर निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर, रिसाली नगर निगम आयुक्त आशीष देवांगन, संयुक्त कलेक्टर गोकुल रावटे, विपिन सोनी, एच.एस. मिरी, एवं श्रीमती योगिता देवांगन, डिप्टी कलेक्टर जागेश्वर कौशल, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जयसवाल, उपसंचालक जिला रोजगार राजकुमार कुर्रे एवं समस्त जिला अधिकारी उपस्थित थे।

नामांकित प्रत्याशियों को दी गई निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी

दुर्ग / नगर पालिक निगम दुर्ग के वार्ड क्रमांक 42 के उप निर्वाचन हेतु नामांकित प्रत्याशी एवं सर्व राजनैतिक दलों के बैठक का आयोजन कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी दुर्ग में किया गया। उक्त बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलों के सदस्य एवं नामांकित प्रत्याशियों को उप निर्वाचन में आगामी चरणों के संबंध में की जाने वाली कार्यवाही जैसे मतपत्रों का मुद्रण व उसके प्रूफ रिडिंग मतदान दलों का गठन, मतदान दलों को दी जाने वाले प्रशिक्षण सामाग्री वितरण व वापसी संबंधी की जाने वाली कार्यवाही तथा मतदान दिवस को होने वाले मतदान संबंधी कार्यवाही के संबंध में जानकारी दी गई। इसके अलावा निर्वाचन निष्पादन के संबंध में अवगत कराया गया। बैठक में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी (रा) दुर्ग, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व तहसीलदार दुर्ग एवं विभिन्न राजनैतिक दल के प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि उपस्थिति थे।

नारधा गौठान बना महिलाओं के लिए रोजगार का जरिया

दुर्ग / ग्राम पंचायत नारधा में गौठान समूह की महिलाओं को अलग-अलग गतिविधियों से आर्थिक लाभ मिल रहा है। कृषि अधिकारियों द्वारा मार्गदर्शन प्राप्त कर गौठान में वर्मी खाद का उत्पादन समूह द्वारा किया जा रहा है, जिससे अच्छी आमदनी प्राप्त हो रही है। गौठान में विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर स्व सहायता समूह की महिलाएं घर का खर्चा चलाने में सहयोग प्रदान कर रही है।

वर्तमान में नारधा गौठान में सखी स्व सहायता समूह द्वारा वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। समूह की महिलाओं को प्रत्येक माह लगभग तीन हजार रूपए का आय प्राप्त हो रहा है। अब तक वर्मी से एक लाख 78 हजार रूपए का मुनाफा प्राप्त कर चुके हैं। स्व सहायता समूह की महिलाएं वर्मी कम्पोस्ट से प्राप्त राशि का उपयोग अपने कार्य का विस्तार करने में लगा रही है।
गौठान में ही समूह की महिलाओं द्वारा मुर्गी पालन का कार्य भी किया जा रहा है। मुर्गीपालन कर बाजार मंे उसे थोक के भाव में बेचकर आय प्राप्त कर रही हैं। मुर्गीपालन से अब तक एक लाख का फायदा हो चुका है ।

समूह की महिला श्रीमती तिला बाई ने कहा कि प्राप्त आय से बेटे की शादी के लिए लिया गया कर्ज को चुका पाई। जो मेरे लिए असंभव था, लेकिन जब से मैं स्व सहायता समूह से जुड़ी तब से मुझे रोजगार प्राप्त होने के साथ-साथ मेरे ऊपर जो कर्ज का भार था उसे समाप्त कर पाई हूॅ। अन्य महिलाएं भी प्राप्त आय का उपयोग आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में कर रही है।
साथ ही गौठान में स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा नारधा आदर्श गौठान में मछली पालन के लिए बायो फ्लाक का निर्माण भी किया गया है। वर्तमान में बायो फ्लाक में मछली डाला गया है।

नारधा गौठान में ही सखी स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा गौठान में गाय पालन कर दुध बेचकर अच्छी कीमत प्राप्त कर रहे हैं। गायों से प्राप्त दुध को अहिवारा के के होटलों में विक्रय कर दूध से लगभग 35 हजार रूपए की शुद्ध कमाई कर रही है। साथ ही गोबर विक्रय से लगभग 15 हजार रूपए की आय प्राप्त कर रही है।
बाड़ी विकास योजना के अंतर्गत नारधा गौठान में ही बाड़ी में सब्जी भाजी में पत्तागोभी, भिंडी, चेच भाजी, करमत्ता भाजी व प्याज का उत्पादन कर महिलाओं द्वारा उसे स्थानीय बाजार में बेचकर अच्छी आय अर्जित कर रही है। अब तक बाड़ी से समूह को लगभग एक लाख का आय प्राप्त कर चुकी है।

बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत् फसल पंजीयन

दुर्ग, 9 जून 2023/जिले के कृषकों का खरीफ 2023 के अंतर्गत बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत् फसल पंजीयन बीज प्रक्रिया केन्द्र रूआबांधा में किया जा रहा है। पंजीयन शासकीय कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5ः30 बजे तक किया जाता है। इस हेतु कृषक स्वयं अपने संपूर्ण दस्तावेज बी-1, बी-2 आधाार कार्ड, बैंक पासबुक की फोटोकॉपी, बीज का स्त्रोत आदि की फोटोकॉपी देकर फसल पंजीयन करा सकते हैं। बीज प्रक्रिया केन्द्र में समस्त प्रकार के प्रजनक, आधार एवं प्रमाणित-1 श्रेणी का बीज उपलब्ध है।

प्रक्रिया केन्द्र के प्रबंधक से मिली जानकारी अनुसार खरीफ 2021 से बीज निगम में पंजीकृत कृषकों का राजीव गांधी न्याय योजना अंतर्गत उत्पादित धान प्रोत्साहन राशि का आबंटन जारी नहीं होने के कारण बीज निगम के माध्यम से योजना की राशि प्रदाय नहीं किया गया है। अपितु शासन के दिशा-निर्देशानुसार जिन बीज उत्पादक कृषकों द्वारा समितियों में धान बोए गए रकबे का एकीकृत पोर्टल में कराया गया है उन्हीं कृषकों को समितियों के माध्यम से इस योजना का लाभ प्राप्त होगा। एकीकृत पोर्टल में पंजीयन नहीं कराने की दशा में योजना का लाभ प्राप्त नहीं होगा।

नगरीय निकाय उप निर्वाचन 2023, सामाग्रियों के दर पर 5 प्रतिशत वृद्धि पर सहमति

दुर्ग/ अपर कलेक्टर अरविंद एक्का की अध्यक्षता में आज कलेक्टर सभाकक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में नगरीय निकाय उप निर्वाचन 2023 के अंतर्गत जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा वर्ष 2021 में निर्धारित सामाग्रियों के दर पर सभी राजनैतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों ने 5 प्रतिशत वृद्धि करने की सहमति दी। सभा रैली एवं प्रचार-प्रसार के लिए उपयोग किए जाने वाले विभिन्न सामाग्रियों का दर निर्धारण करने के संबंध में अनुविक्षण समिति एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के सहमति प्राप्त करने के लिए आयोजित इस बैठक में संयुक्त कलेक्टर गोकुल रावटे, एच.एस. मिरी, डिप्टी कलेक्टर महेश राजपुत एवं उप संचालक जनसंपर्क एम.एस. सोरी और विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधि उपस्थित थे।

12 जून से 6 जुलाई तक दिव्यांग परीक्षण शिविर

दुर्ग, 9 जून 2023/ जिला के दिव्यांगजनों की शारीरिक समस्याओं को कम करने एवं उनकी गतिशीलता में वृद्धि करने हेतु दिव्यांगजनों के लिए जिले के समस्त विकास खण्डों में शल्य क्रिया एवं कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण का चिन्हांकन मूल्यांकन तथा परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 12 जून से 06 जुलाई तक आयोजित शिविर में दिव्यांग प्रमाणपत्रधारी दिव्यांगजनों तथा जिन्हें शल्य क्रिया की आवश्यकता हो ऐसे दिव्यांगजनों को जैसे- हड्डियों का टूट जाना, हडिडयों में टेवापन, पोलियो ग्रस्त, सेरेब्रल पाल्सी. स्कोलियोसिस, मांपेशियों में जकडन दुर्घटनावश अस्थि प्रभावित होना, सी.टी.ई.वी.- जन्मजाति टेलिप्स इक्यिानोवारस (क्लबफुट) आदि के लिए अस्थित बाधित दिव्यांगजनों का चिन्हांकन परीक्षण किया जायेगा।

आवश्यकतानुसार पूर्व से चिन्हित अस्थि बाधित दिव्यांग व्यक्तियों को अत्याधुनिक कृत्रिम हाथ (बायोनिक हैण्ड), कृत्रिम अंग मोटराईज्ड ट्रायसायकल व्हील चेयर, कलीपर्स आदि तथा श्रवण बाधित दिव्यांग व्यक्तियों को उच्च गुणवत्ता युक्त श्रवण यंत्र प्रदान करने हेतु चयनित किया जायेगा। जिले के तीनों जनपद पंचायतों में विभिन्न स्थान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत सामुदायिक उपस्वास्थ्य केन्द्र ग्राम पंचायत झीठ में 12 जून, लक्ष्मीबाई हायर सेकेण्डरी स्कूल रानीतराई में 13 जून, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मिडियम स्कूल सेलूद 14 जून, शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवादा 15 जून को प्रातः 10ः00 बजे से शाम 5ः00 बजे तक शिविर का आयोजन किया जाएगा। जनपद पंचायत धमधा में मंगल भवन धमधा में 19 जून, पूर्व माध्यमिक शाला कोड़िया में 22 जून, हाई स्कूल लिटिया 26 जून, हाई स्कूल गोढ़ी 27 जून को प्रातः 10ः00 बजे से शाम 5ः00 बजे तक शिविर का आयोजन किया जाएगा। जनपद पंचायत दुर्ग में शास. माध्यमिक कुथरेल 3 जूलाई, शासकीय प्राथमिक शाला रसमड़ा में 4 जुलाई, शासकीय माध्यमिक शाला जेवरा में 5 जुलाई, शासकीय प्राथमिक शाला पुरई में 6 जुलाई को प्रातः 10ः00 बजे से शाम 5ः00 बजे तक शिविर का आयोजन किया जाएगा।

बालश्रम उन्मूलन सप्ताह 15 जून तक

दुर्ग / जिले में श्रम विभाग द्वारा 9 जून से 15 जून 2023 तक बालश्रम उन्मूलन सप्ताह मनाया जा रहा है। जिसमें श्रम निरीक्षकों एवं श्रम उप निरीक्षकों की टीम द्वारा विभिन्न संस्थानों होटल-ढाबा, ईंटा भट्ठा, आटो गैरेज, कबाड़ी आदि स्थानों पर बाल श्रमिक (प्र. एवं वि.) अधिनियम 1986 के अंतर्गत निरीक्षण करने का कार्य किया जा रहा है।

सहायक श्रमायुक्त से मिली जानकारी अंतर्गत नियमानुसार 14 से कम उम्र के बच्चों को किसी भी संस्थान में कार्य करने हेतु नियोजित नहीं किया जाना तथा 18 वर्ष से कम उम्र के किशोर को किसी भी खतरनाक प्रवृत्ति के कार्य में नियोजित नहीं किया जाना है। इस संबंध में 13 जून 2023 मंगलवार को सुबह 11 बजे बाल श्रम निषेध हेतु पटेल चौक दुर्ग से व्हाया गांधी चौक, राजेन्द्र पार्क चौक, ग्रीन चौक, अग्रसेन चौक, इंदिरा मार्केट से होते हुए पटेल चौक तक जागरूकता रैली आयोजित की जाएगी।

जिला अस्पताल दुर्ग में कैंसर मरीजों के लिए निःशुल्क कीमोथैरिपी की सुविधा

दुर्ग / जिला चिकित्सालय दुर्ग के ओपीडी कक्ष क्रमांक 8 में कैंसर जांच एवं परीक्षण केंद्र की स्थापना की गई है। जहां पर कैंसर मरीजों की स्क्रीनिंग की जायेगी। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन से प्राप्त जानकारी अनुसार जिला अस्पताल में पांच बिस्तर डे-केयर कीमोथैरिपी यूनिट की भी स्थापना की गई है। जहां पर कैंसर मरीजों के कीमोथैरिपी की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध हो सकेगी। डे-केयर कीमोथैरिपी यूनिट के प्रारंभ हो जाने से जिले के कैंसर पीड़ित मरीज जिनको कीमोथैरिपी की आवश्यकता है उनका फॉलोअप कीमोथैरिपी जिला चिकित्सालय दुर्ग में उपलब्ध हो जाएगी।

मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजनान्तर्गत सी.सी. रोड स्वीकृत

दुर्ग / मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना वर्ष 2022-23 के अंतर्गत दुर्ग विकासखण्ड के ग्राम ननकट्ठी में सी.सी. रोड़ निर्माण (राजाराम पटेल के घर से शमशान घाट तक) 5 लाख 20 हजार रूपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। पार्ट -1 के लिए 2 लाख 60 हजार तथा पार्ट-2 के लिए 2 लाख 60 हजार रूपए लागत के अनुशंसित कार्य को संपादित कराए जाने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्ग को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। कार्याे का संपादन कार्यकारी एजेंसी संबंधित ग्राम पंचायत द्वारा की जाएगी।

जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर हुई त्वरित कार्यवाही- वृद्ध महिला को मिला वृद्धाश्रम

– खिलाड़ियों को मिलेगा खेल का मैदान, अतिक्रमण को हटाने होगी कार्यवाही

दुर्ग / कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने जिले के विभिन्न स्थानों से पहंुचें लोगों से मुलाकात कर उनके मांगों एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पहल करने को कहा है। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से प्राप्त आवेदनों पत्रों का अवलोकन कर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। आज जनदर्शन में 175 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें अवैध कब्जा, बटवारा, आर्थिक सहायता, सीमांकन, स्वामी आत्मानंद स्कूल में प्रवेश हेतु, राशन कार्ड से संबंधित आवेदन शामिल है।

जनदर्शन में आज गिरधारी नगर निवासी वृद्ध महिला श्रीमती सोहाद्रा बाई महोबिया ने वृद्धाश्रम में निवास करने हेतु कलेक्टर से गुहार लगाते हुए आवेदन सौपा। उन्होंने बताया कि वह स्वामी विवेकानंद वार्ड में अपने बेटे के साथ निवासरत है। गत दिवस बेटे की मृत्यु होने जाने के पश्चात वह अकेली असहाय है। उनका पालन पोषण करने वाला परिवार में कोई नही है और न ही उनका कोई आय का स्त्रोत है। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक समाज कल्याण विभाग को त्वरित कार्यवाही कर वृद्धाश्रम में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए।

ग्राम खम्हरिया निवासी वृद्ध विकलांग ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने कलेक्टर से मांग की। उन्होंने बताया कि वृद्ध होने के साथ-साथ पैर से विकलांग होने के कारण कार्य करने में असमर्थ है। वृद्धावस्था पेंशन उन्हें पहले केनरा बैंक से प्राप्त होता था किन्तु विगत तीन माह से अप्राप्त है। उनकों नगर निगम भिलाई में संपर्क करने को कहा गया। किंतु वहां से भी उनको कोई जानकारी प्राप्त नही हुई। इस पर कलेक्टर ने त्वरित कार्यवाही करते हुए उप संचालक समाज कल्याण विभाग को वृद्धा पेंशन योजना के तहत पेंशन दिलाने के निर्देश दिए।

महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग के खिलाड़ियों ने आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि 10 वर्षो से खेल मैदान में अभ्यास करते आ रहे हैं। खेल मैदान में लगी कुश्ती मेट एवं दीवाल को तोड़कर व्यापारियों द्वारा जबरदस्ती अतिक्रमण कर दुकान बनाया जा रहा है, जिससे खेल का मैदान छोटा हो गया है। खिलाड़ियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने खेल विभाग को निरीक्षण कर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

भारत माला परियोजना के तहत पुरई निवासियों ने अधिग्रहित भूमि की मुआवजा राशि की मांग की। निवासियों ने बताया कि अधिग्रहित भूमि में वर्तमान में सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिग्रहित भूमि का शासन द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि प्रदाय किए जाने के लिए ध्यान आकृष्ट किया। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम दुर्ग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

प्रदेश मनरेगा मजदूर कल्याण संगठन ने मनरेगा भवन निर्माण के लिए आवेदन दिया। मनरेगा मजदूर कल्याण संगठन ने स्थाई व्यवस्था के तहत केन्द्रीय सहकारी बैंक के पीछे खाली जगह पर प्रदेश स्तर का मनरेगा भवन निर्माण के लिए आवेदन सौंपा। इस पर कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को आवश्यक पहल करने को कहा।

ग्राम नगपुरा के पूर्व पंच ने अवैध रेत का भण्डारण किए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि जालबांधा सड़क के पास बिना अनुमति के अवैध रूप से रेत भण्डारण किया जा रहा है। अवैध रूप से रेत का भण्डारण करने वाले व्यक्ति तथा उनके सहयोगी पर उचित कानूनी कार्यवाही करने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने खनिज विभाग के अधिकारी को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

रेत के अवैध भंडारण पर हुई जब्ती की कार्रवाई

दुर्ग / कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा के निर्देशानुसार राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत के भंडारण पर जब्ती की कार्रवाई की गई। ज्ञात हो कि आज जनदर्शन कार्यक्रम में रेत के अवैध भंडारण संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। जिस पर एसडीएम धमधा

विपिन सोनी के मार्गदर्शन में नायब तहसीलदार बोरी द्वारा ग्राम सेवती तहसील बोरी में अवैध रूप से भंडारण की गई रेत को जब्त कर संरपंच के सुपुर्द किया है। उन्होंने खनिज निरीक्षक दुर्ग, ग्राम के सरपंच, कोटवार व ग्रामीणों की उपस्थिति में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई करते हुए जब्त की गई रेत को सरपंच के सुपुर्द किया है।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button