दुर्घटनादेश

स्कूल बस का कर रहे थे वेट : कार की टक्कर से 10 फीट उछले बच्चे, 3 की मौत…

आगरा / आगरा में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार कार ने 6 स्कूली बच्चों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चे 10 फीट तक हवा में उछल कर कर दूर जा गिरे। इसमें 3 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 3 घायल हैं। हादसा डौकी थाना इलाके के बांसमहापत गांव में हुआ। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने फतेहाबाद-आगरा रोड पर जाम लगा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह 7 बजे बच्चे सड़क के किनारे खड़े होकर स्कूल बस का वेट कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार नेक्सन कार बेकाबू होते हुए आई और बच्चों को रौंदते हुए निकल गई। 6 बच्चे कार की जद में आ गए। टक्कर के बाद कार कुछ दूर आगे जाकर सड़क पर लगे एक बोर्ड से टकराकर रुक गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि हादसे के बाद बच्चों के टिफिन और स्कूल बैग 10 से 15 फीट दूर तक पड़े मिले।

बच्चे आपस में चचेरे भाई-बहन हैं  –

हादसे के बाद तुरंत घायल बच्चों को शांति मांगलिक और SR हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां तीन बच्चों आर्यन (12), प्रज्ञा (9) और दीप्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीन बच्चों का इलाज चल रहा है। सभी बच्चे चचेरे भाई-बहन हैं। घायल बच्चों के नाम गुंजन, नमन और लावन्या हैं। हॉस्पिटल में लोगों की भीड़ जमा है।

चार भाई बहन में सबसे बड़ी थी दीप्ति –

मृतक दीप्ति सभी बच्चों में सबसे बड़ी थी। दीप्ति और आर्यन सगे भाई बहन थे, जबकि प्रज्ञा उसके चाचा की बेटी थी। इसके अलावा गुंजन, नमन और अरविंद भी उसी स्कूल में पढ़ते थे। लोगों ने बताया कि हादसे के बाद दीप्ति चोटिल होने के बाद भी खड़ी हुई। उसने ही सभी बच्चों को उठाया। मगर, इसके बाद वह वहीं पर बेहोश होकर गिर पड़ी। बाद में अस्पताल में दीप्ति की मौत हो गई।

रोज की तरह बच्चे आए थे, न जाने कहां से कार आई…सबको उड़ा दिया –

दैनिक भास्कर की टीम उस स्पॉट पर पहुंची, जहां हादसा हुआ था। कुंडौल में हमें महीपाल सिंह अपनी दुकान पर बैठे दिखे। उन्होंने हादसा होते देखा था। उन्होंने बताया कि सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर हादसा हुआ था। बच्चे हर दिन पेड़ के पास खडे़ होकर अपनी स्कूल बस का इंतजार करते थे। आज भी ठीक 7 बजे उनके पिता बच्चों को छोड़कर गए थे।

महीपाल ने बताया, ”हादसे के वक्त सामने से एक नीले रंग की कार आ रही थी। कार अचानक से बच्चों की तरफ मुड़ गई। कार की स्पीड इतनी तेज थी कि बच्चों को भागने का भी वक्त नहीं मिला। कार की टक्कर लगते ही बच्चे करीब 5 फीट तक उछल गए। बच्चों को टक्कर मारने के बाद कार आगे जाकर एक बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद कार में बैठे तीन लड़के उतर कर भाग गए। जबकि कार के ड्राइवर को लोगों ने पकड़ लिया। मैं भी बच्चों की तरफ भागा। मैंने देखा कि सभी बच्चे इधर-उधर झाड़ियों में पडे़ हैं। सबके चोटें आई थीं, खून रिस रहा था। मैंने सबको उठाया। ऑटो में लिटाया। थोड़ी देर में गांव के लोग और बच्चों के परिजन आ गए।”

ड्राइवर पकड़ा गया, कार सवार तीन लड़के भाग निकले –

मौके पर मौजूद कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य के प्रतिनिधि यशपाल राणा ने बताया कि कार में 4 लोग सवार थे। कार गाजियाबाद नंबर की है और फतेहाबाद की ओर से आ रही थी। बच्चों को रौंदने के बाद कार सड़क पर लगे एक लोहे के बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद कार सवार 3 लोग भाग गए। जबकि ड्राइवर को गुस्साए लोगों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।

उन्होंने बताया, ”ड्राइवर नशे में लग रहा था। उसका नाम आकाश है। आकाश ने बताया कि वह बाह के प्रतापपुरा का रहने वाला है। कार सवार जो लोग भाग गए थे, वह भी बाह के रहने वाले हैं। गाजियाबाद जा रहे थे। वहां पर नौकरी करते हैं। पुलिस अन्य फरार लोगों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।”

साली की शादी से लौट रहा था कार चालक –

पुलिस ने बताया कि नेक्सन कार चालक आकाश बाह तहसील का रहने वाला है। 10 मई को उसकी साली की शादी थी। वह साली की शादी अटैंड करके लौट रहा था। माना जा रहा है कि शादी में रात भर जागने के चलते सुबह उसको झपकी आ गई हो। गांव वालों ने बताया कि कार में बीयर की बोतलें भी पड़ी थीं। आकाश अपने दोस्त की कार मांग कर लाया था। गाड़ी शुभम सिंह के नाम रजिस्टर्ड है।

स्प्रिंग फील्ड स्कूल में पढ़ते थे बच्चे –

ACP फतेहाबाद सौरभ सिंह ने बताया, ”बच्चे स्प्रिंग फील्ड स्कूल में पढ़ते थे। 3 बच्चों की मौत हुई है। 3 अस्पताल में भर्ती हैं। ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है।”

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button