प्रेमी के लापता होने पर बौखलाई प्रेमिका: प्रेमी के माता-पिता को मारा चाकू, माँ की हालत गंभीर…

ग्वालियर में सनकी गर्लफ्रेंड ने आधी रात खूनी खेल खेला। लिव-इन पार्टनर के लापता होने पर महिला ने उसके घर पहुंचकर उसकी मां और पिता पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में लड़के के पिता और मां चाकू लगने से घायल हो गए। उनका कहना है कि बेटे की गर्लफ्रेंड के सिर पर खून सवार था। वह हमें मारने के लिए आई थी।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। मां की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना पुरानी छावनी के मऊ जमार की है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। वह शादीशुदा है। उसके लिव इन पार्टनर की तलाश की जा रही है।
हमले के बाद मौके पर ही खड़ी रही आरोपी
शहर के मऊ जमार इलाके में रहने वाले रामलखन बाथम का हजीरा चार शहर का नाका पर रहने वाली सोनम से प्रेम प्रसंग चल रहा है। सोनम पहले से शादीशुदा है। इसके बाद भी वह रामलखन के साथ लिव-इन रिलेशन में थी। कुछ समय पहले दोनों भाग भी गए थे, लेकिन तब पुलिस ने दोनों को बरामद कर उनके परिजन को सौंप दिया था। अब दो दिन पहले रामलखन बिना किसी को बताए लापता हो गया। सोनम को लगा कि वह उसे धोखा देकर भाग गया है और इसके पीछे उसके माता-पिता का ही हाथ है।
जिसके बाद सोनम तैश में आकर शुक्रवार रात चाकू लेकर रामलखन के घर पहुंची। जहां युवक की मां गुड्डी बाथम के दरवाजा खोलते ही चाकू से हमला कर दिया। गुड्डी के गले पर चाकू लगा है। पत्नी पर हमला होते देख पति राकेश बाथम बचाने आया, तो सोनम ने उस पर भी हमला कर दिया। दोनों को लहूलुहान करने के बाद आरोपी वहीं खड़ रही।
हमले के बाद प्रेमी के बारे में पूछती रही गर्लफ्रेंड
पति-पत्नी चाकू लगने के बाद वहीं घायल पड़े हुए थे, जबकि युवती चाकू लेकर रामलखन के बारे में पूछे जा रही थी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया। घायल दंपती को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया। गले पर चाकू लगने से महिला की हालत नाजुक है। पुलिस ने आरोपी प्रेमिका के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल लापता है महिला का लिवइन
इस मामले में महिला का लिव-इन पार्टनर रामलखन फिलहाल लापता है। उसका कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस उसे भी तलाश रही है। पुलिस को आशंका है कि कहीं उसके साथ कुछ गलत नहीं हो गया हो। एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे