अपराधदेश

पिता ने नाबालिग बेटी को 3 लाख में बेचा, 40 साल के आदमी से कराई शादी…

राजस्थान / राजस्थान में एक बार फिर नाबालिग को बेचने का मामला सामने आया है। सौतले पिता ने ही 14 साल की बेटी का सौदा कर डाला। उसने 3 लाख रुपए लेकर दोगुनी उम्र के व्यक्ति से उसका बाल विवाह करवा दिया। इधर, पति लगातार 9 महीने तक उसके साथ रेप करता रहा। जब वह मना करती तो पिटाई कर देता।

मामला जयपुर के जवाहर सर्किल थाने का है। पुलिस ने बताया कि बुधवार रात आठ बजे उन्हें एक नाबालिग के बदहवास हालात में जवाहर सर्किल पर पड़े होने की जानकारी मिली थी। जब उसकी काउंसलिंग कराई गई तो उसने चौंकाने वाली जानकारी दी। उसने बताया कि वह अपने पति के चुंगल से भागकर यहां आई है।

काउंसलिंग में नाबालिग ने बताया- वह धौलपुर की रहने वाली है। उसकी 14 साल की उम्र है और 10वीं तक पढ़ी है। उसकी मम्मी के निधन के बाद उसका सौतेला पिता उसे प्रताड़ित करने लगा। उसे बोझ बताने लगा। ऐसा काफी समय तक चला। वह आगे पढ़ाई करना चाहती थी, लेकिन पिता ने 3 लाख रुपए में उसका सौदा कर दिया।

पास के ही दूसरे गांव में रहने वाले 40 साल के व्यक्ति ने उसको 3 लाख में खरीदा। अपने से बड़ी उम्र के व्यक्ति से 11 दिसम्बर 2021 को बाल विवाह कर दिया। पिछले 9 महीने से वह अपने ससुराल में रह रही थी।

पीड़िता ने बताया कि मेरा पति मुझ से घर के सारे काम करवाता था। बार-बार शारीरिक संबंध भी बनाता था। पिछले 9 महीने से उसके साथ जबरन रेप कर रहा था।

बुधवार रात 8 बजे मिली थी नाबालिग –

SHO जवाहर सर्किल राधारमन गुप्ता ने बताया कि बचपन बचाओ आंदोलन की टीम को बुधवार रात सूचना मिली। जवाहर सर्किल में एक छोटी लड़की पिछले करीब डेढ़ घंटे से बदहवास हालत में लेटी है। टीम ने उससे जानकारी मांगी तो डरकर भागने लगी। टीम की महिलाओं ने प्यार से उसको अपने पास बैठाया तो डरी-सहमी लड़की फूट-फूटकर रोने लगी।

कई बार सुसाइड करने की सोची –

नाबालिग ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि आगे भी ऐसे ही प्रताड़ित की जाऊंगी, इसलिए मैं बहुत ज्यादा घुट गई थी। कई बार सुसाइड करने का भी सोचा, लेकिन हिम्मत नहीं हो पाई। इसलिए मैंने घर छोड़ने का मन बना लिया।

कई बार भागने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी। बुधवार को मौका मिलते ही भाग निकली। लड़की का कोई जानकार जवाहर सर्किल के पास रहता है, इसलिए वो यहां आई थी।

जीरो नंबर एफआई धौलपुर भेजी –

जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए। बयानों के आधार पर पुलिस ने जीरो नंबर एफआईआर दर्ज की। नाबालिग लड़की की खरीद-फरोख्त और एक जगह से दूसरे स्थान ले जाने, रेप, मारपीट आदि धाराओं में मामला दर्ज किया। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने जीरो नंबर FIR धौलपुर के बाड़ी सदर थाना भेज दी है।

राजस्थान में सबसे ज्यादा रेप –

रेप के मामलों में राजस्थान ने मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और असम को भी पीछे छोड़ दिया है। राजस्थान में साल 2021 में रेप के इतने केस दर्ज हुए हैं, जितने तीन बड़े राज्यों में मिलाकर भी दर्ज नहीं हुए। राजस्थान में साल 2021 में कुल रेप के मामले साल 2020 के 5,310 के मुकाबले में एक हजार ज्यादा हैं।

एनसीआरबी (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) की रिपोर्ट के मुताबिक 2020 और 2021 में राजस्थान में सबसे अधिक रेप के मामले सामने आए हैं। राजस्थान के बाद मध्यप्रदेश में रेप के मामले दर्ज हुए। वहां पर 2020 में 2,339 मामले थे, जबकि 2021 में ये नंबर बढ़ गया है।

रेप केस के मामलों में राजस्थान 2020 से टॉप पर है। इसके बाद से दुष्कर्म और महिला हिंसा को लेकर अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। यही कारण है कि राजस्थान पिछले 3 साल से महिला हिंसा के मामलों में पहले पायदान पर रहा है।

दो साल में 13 हजार से ज्यादा केस –

प्रदेश में पिछले 28 महीनों (2020 से अप्रैल 2022) तक दुष्कर्म के 13,890 केस दर्ज हुए हैं। इनमें से 11,307 दुष्कर्म नाबालिग लड़कियों से हुए। वहीं दो साल में 12 साल से छोटी उम्र की 170 बच्चियों से दरिंदगी के मामले सामने आए। सरकार ने ऐसे मामलों में 2013 में फांसी की सजा का प्रावधान किया, लेकिन किसी भी आरोपी को अब तक फांसी नहीं हुई है।

लड़कियों की तस्करी में भी पीछे नहीं –

राजस्थान महिला अत्याचारों के साथ तस्करी के मामले में भी ज्यादा पीछे नहीं रहा है। यहां के कुछ जिलों से लगातार नाबालिगों की तस्करी कर पड़ोसी राज्यों में बेचा जा रहा है। गुजरात से सटे 4 जिलों सिरोही, उदयपुर, बांसवाड़ा और डूंगरपुर की बच्चियां इन गैंग्स का सॉफ्ट टारगेट हैं।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button