
भोपाल / भोपाल के बिलाबॉन्ग हाई इंटरनेशनल स्कूल की नर्सरी की बच्ची से स्कूल बस में रेप का मामला सामने आया है। ड्राइवर हनुमत जाटव ने साढ़े तीन साल की मासूम के साथ वारदात की। बस की केयर टेकर उर्मिला साहू को ड्राइवर की करतूतों की जानकारी थी। वह ड्राइवर का साथ देती थी। बच्ची के साथ गलत होता देखकर भी उसने ड्राइवर का कभी विरोध नहीं किया। पुलिस ने ड्राइवर के साथ उसे भी सहआरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, स्कूल प्रबंधन ने मामले में लीपा-पोती करने की कोशिश की है। स्कूल प्रबंधन की भी जांच की जाएगी। दोषी होने पर कार्रवाई भी की जाएगी। मामले में बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी संज्ञान लिया है।
बाल आयोग के सदस्य ब्रजेश चौहान का कहना है कि लगातार हम स्कूलों को निर्देश देते हैं कि परिवहन व्यवस्था में सीसीटीवी हो, ड्राइवर कंडक्टर का पुलिस वेरिफिकेशन हो। मामला बहुत गंभीर है। स्कूल प्रबंधन से नोटिस देकर जवाब-तलब करेंगे। सीसीटीवी क्यों चालू नहीं था..? ड्राइवर-कंडक्टर का वेरिफिकेशन कब कराया था? या नहीं था। हर बिंदु पर जांच करेंगे, किसी भी दोषी को नहीं छोड़ा जाएगा।
महिला थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि बच्ची के साथ ड्राइवर कई बार हरकत कर चुका है। बच्ची ने मां को पहले भी बताया था, लेकिन परिजन ने ध्यान नहीं दिया। 8 सितंबर को जब बच्ची के कपड़े बदले मिले, तब मां को उसने बैड टच करने के बारे बताया। पुलिस मंगलवार को स्कूल बस के ड्राइवर हनुमत जाटव और केयर टेकर उर्मिला साहू को कोर्ट में पेश करेगी। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि बस को पुलिस ने जब्त कर लिया है। CCTV फुटेज नहीं मिले हैं। पुलिस रिकवर कराने का प्रयास करेगी।
डेढ़ माह पहले जॉइन किया स्कूल –
37 वर्षीय आरोपी हनुमत शादीशुदा है। उसके दो बच्चे हैं। करीब डेढ़ महीने पहले ही उसने स्कूल जॉइन किया था। पुलिस अब स्कूल बस में आने-जाने वाली अन्य बच्चियों की भी काउंसिलिंग करेगी, जिससे यह पता चल सके की, कहीं आरोपी ने अन्य बच्चियों के साथ भी ऐसी हरकत तो नहीं कर रहा था। पीड़ित बच्ची की भी पुलिस काउंसिलिंग कर रही है।
बच्ची की मां ने पुलिस को बताया ड्राइवर का घिनौना सच –
मैं बावड़िया कलां भोपाल में निवास करती हूं। मेरी बेटी की उम्र 3 साल 6 माह है जो कि बिलाबॉन्ग स्कूल नीलबड़ भोपाल में नर्सरी में पढ़ती है। मेरी बेटी स्कूल बस से आना-जाना करती है। बस का कोड नंबर 54 है। बस चालक को बेटी अंकल कहकर बुलाती है वह उसे पहचान लेगी। 8 सितंबर 2022 को बेटी स्कूल बस से 1:30 बजे घर आई। मेरे पिता मेरी बेटी को घर लेकर आए, उसकी ड्रेस बदली हुई थी।
जबकि बच्ची की टी-शर्ट गंदी व गीली नहीं थी। मैंने बेटी से पूछा कि आपकी ड्रेस किसने बदली तो बताया कि बस के अंकल ने बदली है। मैंने बेटी के बैग को चेक किया। टी-शर्ट पर न तो उल्टी थी और न ही वह गीली थी। मैंने क्लास टीचर पूजा चौहान को कॉल किया और पूछा कि मेरी बेटी की ड्रेस स्कूल में चेंज हुई थी क्या? मैडम ने बताया कि बच्ची स्कूल से ड्रेस में ही गई है।
मैंने यह बात पति को बताई। उन्होंने स्कूल के प्रबंधन से बात की। वे भी ड्रेस बदलने को लेकर सही जानकारी नहीं दे पाए। रात करीब 8 बजे बेटी वॉशरूम गई तो हमने पूछा- आपको स्कूल या बस में कोई बैड टच करता है। बेटी ने बताया कि बसवाले अंकल बैड हैं, वह मुझे परेशान करते हैं और बैड टच करते हैं। हमने पूछा- कहां टच करते हैं तो बेटी ने बताया कि मेरे लिप्स को चाटते हैं।
मेरे सामने (प्राइवेट पार्ट) को फिंगरिंग करते हैं। चेस्ट को हाथ से टच करते हैं। मेरे चेहरे पर भी हाथ फेरते हैं। 9 सितंबर 2022 को हम बेटी को लेकर स्कूल नीलबड़ गए। स्कूल के प्रिंसिपल से बात की। उन्होंने दो मैडम को बुलाया। बस में जो दीदी जाती थी, उन सभी को हमारे सामने बुलाया। पूछताछ की और CCTV के संबंध में पूछा तो उन्होंने बताया कि फुटेज हम तीन-चार दिन में डिलीट कर देते हैं।
फिर मैंने उन तीनों मैडमों से पूछा कि आप किस हालात में ड्रेस बदलते हो। मैडम ने बताया कि अगर बच्चा उल्टी, पेशाब या फिर पॉटी करता है तो ड्रेस बदलते हैं। मैंने और मेरे पति ने कहा कि यह तीनों हालात नहीं थे तो ड्रेस कैसे बदल दी। हमने प्रिंसिपल से कहा कि अगर ड्रेस बदली है हमें सूचना क्यों नहीं दी गई।
हमने प्रिंसिपल से कहा- 2 हफ्ते पहले भी बेटी ने प्राइवेट पार्ट पर हाथ रखकर बताया था कि मुझे दर्द हो रहा है, तब मैंने उस समय ध्यान नहीं दिया था। लेकिन 8 सितंबर की घटना जब बेटी ने बताई कि बस अंकल ने लिप्स को चाटा, प्राइवेट पार्ट पर फिंगर किया, चेस्ट को हाथ से टच किया… बिलाबॉन्ग स्कूल नीलबड़ भोपाल के बस चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की कृपा करें।
स्कूल प्रबंधन की सफाई –
छोटे बच्चों के बैग में घर की एक ड्रेस भी रखकर भेजी जाती है। स्कूल प्रबंधन ने अपनी जांच में पेरेंट्स को बताया कि बच्ची जिस स्कूल बस से घर जाती है, उसमें एक दीदी भी रहती है। 8 सितंबर को बस में बच्ची ने पानी पीया तो उसके कपड़े गीले हो गए थे। बस की दीदी ने बच्ची के कपड़े बदले थे। ड्राइवर की कोई गलती सामने नहीं आई है। बच्ची विराशा हाइट्स स्टॉ पर उतरती है, इसके बाद बस में दो बच्चे और थे।
बिलाबॉन्ग इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल आशीष अग्रवाल का कहना है कि पुलिस वेरिफिकेशन के बाद ही हम स्कूल में ड्राइवर को रखते हैं। बस में पानी पीने के दौरान कपड़े गीले होने पर आया दीदी ने बच्ची के कपड़े बदले थे, ड्राइवर ने नहीं। पुलिस की जांच में हम पूरा सहयोग कर रहे हैं। पुलिस जो जानकारी मांग रही है वह उपलब्ध जा रही है। आगे भी सहयोग करेंगे।
कांग्रेस सदन में उठाएगी मामला –
कांग्रेस विधायक हिना कावरे ने कहा- यह मामला सदन में उठाएंगे। प्रदेश सरकार दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे। प्रदेश में लगातार महिलाएं और बच्चों के साथ दुष्कर्म के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे मामले को लेकर विपक्ष सदन में प्रश्न उठाएगा।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




