अपराधछत्तीसगढ़जुर्म

बेटे ने अपने ही पिता की गमछे से गला घोंटकर कर दी हत्या…

जांजगीर। जिले में एक युवक ने अपने ही पिता की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। वह अपने पिता की शराब पीने की आदतों से परेशान था। उसका पिता आए दिन शराब के नशे में सबसे झगड़ा और मारपीट करता था।

इस बीच जब फिर से उसके पिता ने विवाद किया तब युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।

भुईगांव निवासी जोहित मनहर (45) शराब पीने का आदी था। वह हमेशा शराब के नशे में परिवारवालों से झगड़ा करता था। घर चलाने के लिए भी कुछ काम नहीं करता था। इसी बात से उसके परिजन काफी परेशान थे।

इस दौरान शनिवार सुबह जोहित की पत्नी खेत में मजदूरी के लिए चले गई थी। उसके 3 बच्चे बाहर खेलने चले गए थे। उस दौरान घर में सिर्फ जोहित और उसका बड़ा बेटा साहिल मनहर (18) थे।

बताया गया कि सुबह के वक्त भी जोहित ने शराब पी रखी थी और अपने बेटे साहिल से विवाद कर रहा था। इसी विवाद के चलते साहिल ने इस वारदात को अंजाम दिया।

हत्या करने के बाद सबसे पहले उसने अपने परिजनों को झूठी कहानी सुनाई कि उसके पिता की मौत अधिक शराब पीने से हो गई है। आसपास के लोगों को भी उसने यही कहानी बताई थी। इसके बाद जोहित के अंतिम संस्कार की तैयारी थी।

अंतिम संस्कार के लिए आस-पास के लोग पहुंच रहे थे। पहुंचने पर उन्होंने देखा कि जोहित के गले में किसी कपड़े के निशान हैं। इस पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। खबर मिलने पर मौके पर पुलिस भी पहुंची। फिर एक-एक कर परिजनों से पूछताछ की गई।

शॉर्ट पीएम में भी हत्या की बात सामने आई

पूछताछ के अलावा शव का शॉर्ट पीएम भी कराया गया था। शॉर्ट पीएम में पता चला कि उसकी हत्या गला घोंटकर की गई है। इसके बाद पुलिस ने फिर से परिजनों से पूछताछ की। पूछताछ में ही पुलिस को पता चला कि घर में सिर्फ साहिल ही था।

इसके बाद पुलिस ने साहिल से पूछताछ की। इस पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पुलिस को पूरी बात बताई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button