दो बच्चों के साथ महिला ने खाया जहर: नालंदा में पति ने मां को दिया आइसक्रीम खाने का पैसा तो झगड़ बैठी पत्नी, तीनों की मौत

नालंदा में शनिवार सुबह एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ आत्महत्या कर लिया। कारण पति से पांच रुपए के लिए झगड़ा था। पति ने अपनी मां को आइसक्रीम खाने के लिए पांच रुपए दे दिया था जिससे पत्नी नाराज हो गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार को पति-पत्नी के बीच खूब विवाद हुआ।
इसके बाद शनिवार सुबह महिला ने दो साल की बेटी और आठ माह के बेटे को जहर खिलाकर खुद भी जहर खा लिया। मामला जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव का है।
इलाज के दौरान 24 वर्षीया महिला के साथ दोनों बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल के लोग शव जलाने का प्रयास कर रहे थे। तभी मायकेवालों की सूचना पर पुलिस ने शवों को बरामद कर लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
सास को 5 रुपए देने पर हुआ था पति से विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के ही पवन चौहान उर्फ कारू चौहान ने अपनी मां को आइसक्रीम खाने के लिए शुक्रवार को पांच रुपए दिया था। इसी को लेकर पवन की पत्नी प्रियंका उससे झगड़ा करने लगी। देर रात तक पति और पत्नी के बीच झगड़ा होते रहा।
शनिवार को 24 वर्षीय प्रियंका ने पूजा पाठ कर अपने आठ माह के दुधमुंहे बेटे राहुल संस्कार कुमार और दो वर्षीय बेटी करिश्मा कुमारी को जहर खिला दिया। जब तीनों की हालत बिगड़ने लगी तब पवन और सूचना पर पहुंचे प्रियंका के भाई ने सभी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
भांजी की मौत रास्ते में ही हो गई। जबकि बहन प्रियंका और दुधमुंहे भांजे के इलाज के लिए अस्पताल कर्मियों ने साठ हजार रुपए की मांग की। इसी दरम्यान बहन प्रियंका की भी मौत हो गई।
इसके बाद पवन अपनी बेटी और अपनी पत्नी का शव लेकर अपने गांव के चिरारी पर ले जाकर दोनों शव को जलाने लगा। वहीं दूसरी तरफ इलाजरत दुधमुंहे बच्चे की चिंताजनक स्थिति में दूसरे अस्पताल रेफर किया गया।
बहनोई जला रहा था बहन और भांजी का शव, साले ने दी पुलिस को सूचना
प्रियंका का भाई भांजे को इलाज के लिए दूसरे अस्पताल लेकर गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। जब मामा अपने भांजे का शव लेकर अहियापुर गांव पहुंचा तो पता चला कि भांजी और बहन के शव को बहनोई चिरारी पर जला रहा है। उसके बाद उसने चिरारी पर पहुंचकर दोनों के शव के पास दुधमुंहे बच्चे के शव को रखकर पूरी मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वीरेंद्र चौधरी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचकर दोनों अधजले शव और बच्चे के शव को बरामद कर लिया। घटना की जानकारी होते ही डीएसपी भी टीम के साथ गांव पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए।
थानाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। मायके वालों के द्वारा खाने में जहर देकर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेजा गया है। घटना के बाद पवन फरार हो गया है। एक साथ तीन मौत से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे
http://jantakikalam.com