छत्तीसगढ़दुर्ग

खरीदी पूरी होने के बाद अब उठाव की मानिटरिंग, कलेक्टर ने दिये शीघ्रता से उठाव के निर्देश

-उठाव की जानकारी लेने धान खरीदी केंद्र चंदखुरी पहुंचे कलेक्टर
-खरीदी केंद्र में पहुंचे किसानों से पूछा व्यवस्था के बारे में, किसानों ने कहा, इस बार बढ़िया हुई धान खरीदी

दुर्ग / धान खरीदी सफलतापूर्वक पूरी हो जाने के बाद अब प्रशासन का पूरा ध्यान उठाव की ओर है। जिले में 4 लाख 17 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है और सभी केंद्रों से धान का उठाव जारी है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने सभी केंद्रों में धान के उठाव की गति तेज करने निर्देश दिये हैं। कल कलेक्टर ने चंदखुरी धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदी के बाद स्टाक वेरीफिकेशन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी ली।

समिति प्रबंधक ने बताया कि अभी यहां से 12 हजार क्विंटल धान का उठाव शेष है। समय-समय पर धान का उठाव किया गया है। यहां लगभग तेरह सौ किसान पंजीकृत थे। कलेक्टर ने पूछा कि पिछले सीजन में धान खरीदी समाप्त होने के बाद कितना स्टाक उठाव के लिए बचा था। इस पर समिति प्रबंधक ने बताया कि पिछले सीजन में 50 हजार क्विंटल का धान उठाव के लिए खरीदी समाप्त होने की तिथि तक बचा था।

इस मौके पर मौजूद खाद्य नियंत्रक  दीपांकर ने बताया कि धान खरीदी के लिए तेजी से कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए पुख्ता रणनीति बनाई गई है और शासन द्वारा निर्धारित तिथि तक उठाव का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। कलेक्टर ने धान के रख-रखाव के लिए विशेष रूप से निर्देश दिये और तेजी से उठाव करने के लिए कहा। कलेक्टर ने इस मौके पर वहां उपस्थित किसानों से बातचीत भी की। वहां उपस्थित किसान  पुरेंद्र ने बताया कि उन्होंने पौने चार लाख रुपए का धान बेचा है।

दो लाख रुपए का कर्ज था जो गौपालन के लिए लिया था, उसे इस राशि से चुकता कर दिया। किसानों ने बताया कि उन्होंने इस बार फसल के लिए वर्मीकंपोस्ट लगाया। वर्मी कंपोस्ट लगाने से उत्पादन बेहतर हुआ। समिति प्रबंधक ने बताया कि 240 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट यहां से बेचा गया है। किसानों ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट लगाने से फसल अच्छी आई है। धीरे-धीरे अन्य किसान भी वर्मी कंपोस्ट की ओर आकर्षित होंगे।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

http://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button