संयंत्र के एसएमएस–2 ने रचा इतिहास; स्टील लेडल लाइफ 143 हीट्स तक पहुँचा…

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के इस्पात गलन शाला–2 ने नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 143 हीट्स स्टील लेडल लाइफ प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल किया। इससे पूर्व अधिकतम लेडल लाइफ 140 हीट्स था। यह उपलब्धि संयंत्र की तकनीकी दक्षता, सतत निगरानी एवं सुव्यवस्थित अनुरक्षण प्रणाली का उत्कृष्ट उदाहरण है।
लेडल संख्या–31 का अभियान 16 जनवरी 2025 से प्रारंभ हुआ, जिसके दौरान प्रत्येक हीट के पश्चात लेडल बे ऑपरेशन टीम एवं रिफ्रैक्टरी इंजीनियरिंग विभाग (आरईडी) द्वारा सतत निरीक्षण एवं निगरानी सुनिश्चित की गई। मध्यवर्ती अनुरक्षण के दौरान बॉटम, मेटल जोन एवं स्लैग जोन पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे लेडल की कार्यक्षमता एवं जीवन अवधि में उल्लेखनीय वृद्धि संभव हो सकी। उल्लेखनीय है कि स्टील लेडल सेट की आपूर्ति सेल रिफ्रैक्टरी कंपनी लिमिटेड (एसआरसीएल) द्वारा की गई।
कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार ने एसएमएस–2 एवं आरईडी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे संयंत्र की तकनीकी प्रगति एवं परिचालन उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया तथा भविष्य में और अधिक उपलब्धियाँ प्राप्त करने हेतु टीम को प्रेरित किया।
इस उपलब्धि में मुख्य महाप्रबंधक (रिफ्रैक्टरी) प्रोसेनजीत दास एवं मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस–2) सुशांत कुमार घोषाल के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुख्य महाप्रबंधक (रिफ्रैक्टरी) प्रोसेनजीत दास के मार्गदर्शन में रिफ्रैक्टरी इंजीनियरिंग विभाग ने आवश्यकता के अनुसार लेडल के विभिन्न जोनों की समयबद्ध मरम्मत सुनिश्चित की, वहीं मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस –2) सुशांत कुमार घोषाल के नेतृत्व में स्टील लेडल की अत्यंत सावधानीपूर्वक निगरानी की गई, जिससे रिकॉर्ड लाइनिंग जीवन प्राप्त किया जा सका।
इस उपलब्धि के परिणामस्वरूप लेडल की उपलब्धता में वृद्धि, उत्पादकता में सुधार तथा उत्पादन लागत में कमी जैसे महत्वपूर्ण लाभ प्राप्त हुए हैं। साथ ही, यह पहल तकनीकी-आर्थिक दक्षता को सुदृढ़ करने तथा प्रति टन रिफ्रैक्टरी खपत के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति है।
इस उपलब्धि को सुनिश्चित करने में महाप्रबंधक (एसएमएस–2) रविकांत, उप महाप्रबंधक (आरईडी) जितेन्द्र शर्मा, उप महाप्रबंधक (एसएमएस–2) सिसिर कुमार महापात्र, सहायक महाप्रबंधक (आरईडी) राकेश सिंह ठाकुर, सहायक महाप्रबंधक (एसएमएस–2) मयंक समैया, उप प्रबंधक (आरईडी) शुभम कार्तिकेयन, उप प्रबंधक (आरईडी) सौरभ यादव तथा शिफ्ट इंचार्ज संजय गुप्ता, एच. एन. मेश्राम, लीला प्रसाद एवं एस. एन. सोनी सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




