
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के नगर सेवाएं विभाग ने गर्मी के मौसम के आगमन के साथ टाउनशिप के निवासियों से जल के विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदार उपयोग की अपील की है, साथ ही आश्वासन दिया है कि उच्च मांग की अवधि के दौरान विद्युत आपूर्ति में न्यूनतम व्यवधान सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग ने टाउनशिप में निवासरत सभी आवंटितों को पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। हालांकि यह देखा गया है कि निर्धारित जलापूर्ति समय के दौरान कुछ उपभोक्ता विद्युत मोटर एवं पंप का उपयोग कर आवश्यकता से अधिक जल का दोहन करते हैं। इस प्रकार का अनधिकृत उपयोग जल के समान वितरण को प्रभावित करता है, जिससे ऐसे उपभोक्ता जो इस प्रकार के साधनों का उपयोग नहीं करते, न्यूनतम आवश्यक जल से भी वंचित हो जाते हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि टाउनशिप के विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार की जाती है। विद्युत पंपों के दुरुपयोग से यह संतुलन बिगड़ता है, जिससे प्रभावित उपभोक्ताओं द्वारा जलापूर्ति के समय विद्युत बंद करने की मांग भी बढ़ती है।
विभाग ने तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उच्च दाब (एचटी) एवं निम्न दाब (एलटी) ब्रेकरों के बार-बार संचालन से वितरण ट्रांसफार्मर एवं अन्य विद्युत संरचनाओं को नुकसान पहुंचता है। इसके परिणामस्वरूप अनुरक्षण कार्यों में वृद्धि, मरम्मत में अधिक समय तथा संयंत्र को वित्तीय क्षति होती है, जिससे उपभोक्ताओं को प्रदान की जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता प्रभावित होती है।
यह भी अवगत कराया गया कि विद्युत शटडाउन एचटी/एलटी वितरण उपकेंद्रों के माध्यम से किया जाता है तथा किसी एक एचटी फीडर के बाधित होने से टाउनशिप के बड़े क्षेत्र प्रभावित होते हैं, भले ही उन क्षेत्रों में उस समय जलापूर्ति निर्धारित न हो। इस प्रकार के व्यापक विद्युत अवरोध से विद्यार्थियों, बुजुर्गों, रोगियों तथा महिलाओं एवं बच्चों को विशेष असुविधा होती है।
जनहित को ध्यान में रखते हुए नगर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग (नगर सेवाएं), बीएसपी द्वारा ग्रीष्मकाल के दौरान विद्युत शटडाउन को सख्ती से सीमित करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, सभी निवासियों से अनुरोध किया गया है कि वे जलापूर्ति के समय विद्युत मोटर एवं पंप का उपयोग न करें तथा विद्युत शटडाउन के लिए अनावश्यक दबाव न बनाएं।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि विद्युत पंपों के अनधिकृत उपयोग से संबंधित शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




