
भिलाई नगर। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NSDC) के सदस्यों का आगमन आज चेम्बर कार्यालय भिलाई में हुआ। इस अवसर पर युवाओं के कौशल विकास और रोजगार उपलब्ध कराने संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह था कि प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
बैठक में चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने एनएसडीसी के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि कॉर्पोरेशन स्किल्ड युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु चेम्बर को सहयोग प्रदान करे। उन्होंने कहा कि चेम्बर आवश्यकता अनुरूप युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में पूर्ण सहयोग करेगा। साथ ही उन्होंने यह भी मांग रखी कि कौशल विकास संबंधी कार्यक्रमों में चेम्बर की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल सकें।
श्री भसीन ने बैठक में यह भी कहा कि आज के समय में केवल प्रशिक्षण देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि यदि कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योगों की जरूरतों से जोड़ा जाए तो प्रशिक्षित युवाओं को तुरंत रोजगार मिल सकेगा। श्री भसीन ने स्पष्ट किया कि चेम्बर का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं है, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना भी है।
एनएसडीसी के सदस्यों ने चेम्बर की मांगों और सुझावों को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया। जिस पर कॉर्पोरेशन के सदस्यों ने आश्वासन दिया कि चेम्बर को इस कार्यक्रम से पूर्ण रूप से जोड़ा जाएगा और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। कॉर्पोरेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि कौशल विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में चेम्बर की सहभागिता से कार्यक्रम और अधिक प्रभावी होगा।
इस अवसर पर एनएसडीसी के रिजनल हेड (ईस्ट) विक्रम दास एवं नया रायपुर से एनएसडीसी के अधिकारी वैभव अग्रवाल सहित उद्योग चेम्बर अध्यक्ष जेपी गुप्ता, सुनील मिश्रा, विकास जायसवाल, निरंकार सिंह सहित चेम्बर के सदस्यगण उपस्थिति थे।




