छत्तीसगढ़दुर्ग

पदोन्नति केवल उत्सव नहीं, उपभोक्ताओं के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है – एमडी भीम सिंह कंवर

दुर्ग – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक(एमडी) भीम सिंह कंवर ने पदोन्नत अभियंताओं को बधाई देते हुए उनकी नई जिम्मेदारियों का बोध कराया। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि विद्युत सेवा कोई साधारण कार्य नहीं बल्कि एक अनिवार्य सार्वजनिक सेवा है, जहाँ जनहित से ऊपर कुछ भी नहीं है।

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन एवं ट्रांसमिशन कंपनी के हाल ही में पदोन्नत हुए सहायक अभियंताओं के लिए सुपेला स्थित होटल अमित पार्क में ’अभिनंदन एवं मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने निर्देश देते हुए कहा कि सहायक अभियंता अब कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से फील्ड में उतरें।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं को अनसुना करना या उनके निराकरण में देरी ना हो। श्री कंवर ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि निर्धन और ग्रामीण वर्ग के उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर ’ऑन-स्पॉट’ समाधान किया जाए।

बिजली बिल संबंधी विसंगतियों को दूर करने के लिए उन्होंने अधिकारियों को स्वयं आगे आकर उपभोक्ताओं को समझाने और ’समाधान योजना’ का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा ताकि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचे।

कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और ईमानदारी पर जोर देते हुए एमडी ने कहा, “आप भाग्यशाली हैं कि आपको जनसेवा का अवसर मिला है, इसकी गरिमा बनाए रखें और सेवानिवृत्ति तक अपनी निष्ठा को बरकरार रखें।“ उन्होंने कहा कि फील्ड में किसी भी प्रकार की लापरवाही या तकनीकी खामियों के कारण होने वाली बिजली कटौती पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पदोन्नति केवल पद का बढ़ना नहीं है, बल्कि यह उपभोक्ताओं के प्रति आपकी जवाबदेही का विस्तार है।
इस गरिमामय समारोह में श्रीमती मंजूला सिंह कंवर, श्रीमती रितु खंडेलवाल, कार्यपालक निदेशक वी.के. साय, मुख्य अभियंता (दुर्ग क्षेत्र) संजय खंडेलवाल और मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट) एम. जामुलकर सहित अंबिकापुर, रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर जैसे विभिन्न क्षेत्रों से आए अभियंता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अभियंताओं ने जनसेवा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button