
सेल– भिलाई इस्पात संयंत्र के रिफ्रैक्टरी इंजीनियरिंग विभाग (आरईडी) द्वारा आयोजित सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम का समापन 14 मार्च, 2026 को आरईडी कॉन्फ्रेंस हॉल में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) विजय कुमार बेहरा, मुख्य महाप्रबंधक (सेफ्टी इंजीनियरिंग विभाग) देबदत्त सतपथी तथा मुख्य महाप्रबंधक (आरईडी) प्रोसेनजीत दास ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) विजय कुमार बेहरा ने आरईडी टीम को आश्वस्त किया कि प्रबंधन द्वारा सभी सुरक्षा पहलों को पूर्ण समर्थन प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रीहीटिंग फर्नेस के बेहतर प्रबंधन से मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्यों के दौरान सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने कॉन्फाइंड स्पेस, वर्क एट हाइट तथा रोड सेफ्टी जैसे विषयों पर प्रस्तुत सुरक्षा नाटिका की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रस्तुतियाँ संविदा कर्मियों के बीच सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश प्रभावी ढंग से पहुँचाने का माध्यम बनती हैं।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सेफ्टी इंजीनियरिंग विभाग) देबदत्त सतपथी ने अपने संबोधन में संविदा कर्मियों की सुरक्षा प्रबंधन को संयंत्र की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक बताते हुए कहा कि संयंत्र की सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाने में संविदा कर्मियों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने ‘नियर मिस’ रिपोर्टिंग को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अत्यंत प्रभावी उपाय बताते हुए प्रत्येक विभाग से गुणवत्तापूर्ण ‘नियर मिस’ की पहचान एवं उसके समुचित विश्लेषण पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सुदृढ़ सुरक्षा प्रथाओं के बिना आरईडी की तकनीकी एवं आर्थिक दक्षता को सुनिश्चित करना संभव नहीं है।
इस दौरान देबदत्त सतपथी ने सुरक्षा नाटिका प्रस्तुत करने वाली टीम से संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम की निर्देशक तथा ठेका कार्मिक सेफ्टी सुपरवाइजर सुश्री मंजू शर्मा के निर्देशन की विशेष प्रशंसा की। साथ ही नाटिका में अभिनय करने वाले अवतार विव्हार, सेवक, अथर खान, हीरालाल वर्मा तथा गोविंद के प्रदर्शन की भी सराहना की।
सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आदर्श विक्रेता प्रतियोगिता, हाउसकीपिंग प्रतियोगिता, सेफ्टी क्विज तथा टूल बॉक्स टॉक जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की गईं, जिनका समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर महिला संविदा कर्मियों को भी कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (आरईडी) प्रोसेनजीत दास ने आरईडी टीम से सदैव सतर्क रहने और प्रत्येक क्षण को सुरक्षित बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों से सामूहिक प्रयासों के माध्यम से 31 मार्च 2027 तक दुर्घटना मुक्त वर्ष के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
वहीँ महाप्रबंधक (आरईडी) आर. गोपालकृष्णन ने दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा समग्र सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी ‘नियर मिस’ रिपोर्टिंग के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम का संचालन सहायक म हाप्रबंधक (आरईडी) राकेश सिंह ठाकुर द्वारा किया गया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




