
सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) विभाग द्वारा दिनांक 11 मार्च, 2026 को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, ढाबा में निर्मित स्कूल बाउंड्रीवाल के निर्माण पूर्ण होने के उपरांत उसका औपचारिक हस्तांतरण समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सीएसआर विभाग, भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा विद्यालय प्रबंधन को हस्तांतरण विलेख के रूप में प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग) मनोज कुमार दुबे उपस्थित रहे व विशिष्ट अतिथि के तौर पर उप प्रबंधक (निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग) के. के. वर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर ग्राम ढाबा के सरपंच कमल नारायण साहू, विद्यालय के प्राचार्य तथा समस्त शिक्षकगण सहित सीएसआर विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज कुमार दुबे ने सीएसआर विभाग और परिधीय ग्रामों के बीच सहयोग एवं विकास के संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है और विद्यालय में बाउंड्रीवाल का निर्माण बच्चों की सुरक्षा तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने विद्यालय द्वारा आसपास के बच्चों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी आवश्यकता अनुसार हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर विभाग द्वारा किए गए योगदान के लिए विद्यालय प्रशासन द्वारा आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीएसआर विभाग के कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




