
दुर्ग – जिला मुख्यालय बालोद में उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति हेतु विद्युत सेवाओं में विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड(सीएसपीडीसीएल) द्वारा दुर्ग क्षेत्र के बालोद संभाग के अंतर्गत बालोद शहर के दल्ली चौक पर 05 एमवीए क्षमता का एक नया 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र बालोद टाउन-2 का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है।
इस उपकेन्द्र का निर्माण ₹ 01 करोड़ 31 लाख की लागत से किया गया है। उपकेन्द्र का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद इसका सफलतापूर्वक टेस्ट चार्ज भी कर लिया गया है। इस नए उपकेन्द्र से बालोद शहर के सदर रोड, पाण्डेय पारा, बुधवारी बाजार, संजय नगर, नयापारा, लोहारा रोड, मरारपारा एवं जवाहर पारा के लगभग 4200 विद्युत उपभोक्ता सीधे लाभान्वित होंगे।
बालोद संभाग के पुराने उपकेन्द्र पर 5 एम.वी.ए. का जो भार था, वह अब घटकर 2.5 एम.वी.ए. रह जाएगा, जिससे सिस्टम की दक्षता बढ़ेगी। पाररास फीडर की लंबाई 13.77 कि.मी. से घटकर अब (नये मधु चौक फीडर में) मात्र 6.00 कि.मी. रह गई है। बघमरा फीडर की लंबाई भी 23 कि.मी. से कम होकर अब केवल 12 कि.मी. रह गई है।
फीडर की लंबाई कम होने और नया उपकेन्द्र बनने से उपभोक्ताओं को ओवर लोडिंग, विद्युत व्यवधान और लो-वोल्टेज की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिलेगी। सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय खंडेलवाल ने कहा कि इस नए इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ अब बालोद वासियों को रखरखाव या ब्रेकडाउन के दौरान भी बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था और निरंतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




