एनएच–53 पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने हेतु वैकल्पिक मार्ग का प्रस्ताव, संयुक्त निरीक्षण संपन्न…
▪️ खुर्शीपार गेट (रोलिंग मिल) से सिरसा गेट अंडर ब्रिज होते हुए मोतीपुर से रायपुर तक संभावित मार्ग का स्थल निरीक्षण

दुर्ग–रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग–53 पर लगातार बढ़ते वाहन दबाव, औद्योगिक गतिविधियों एवं दैनिक आवागमन की अधिकता के कारण यातायात दबाव में वृद्धि हो रही है। उक्त स्थिति को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क सुरक्षा बैठक में वैकल्पिक मार्ग विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था।
प्रस्तावानुसार खुर्शीपार गेट (रोलिंग मिल) से भिलाई स्टील प्लांट क्षेत्र के समीप से सिरसा गेट अंडर ब्रिज होते हुए मोतीपुर से रायपुर तक संभावित मार्ग चिन्हित किया गया है, जिससे दुर्ग–रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग–53 पर यातायात का विभाजन किया जा सके।
दिनांक 01.03.2026 को कलेक्टर दुर्ग, पुलिस उपमहानिरीक्षक दुर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात), आयुक्त नगर निगम भिलाई, एसडीएम भिलाई-3, भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन, लोक निर्माण विभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता एवं यातायात पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संयुक्त स्थल निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मार्ग की वर्तमान स्थिति, चौड़ाई, जंक्शन बिंदु, सुरक्षा संकेतकों की उपलब्धता एवं संभावित यातायात क्षमता का परीक्षण किया गया। प्रारंभिक परीक्षण के आधार पर प्रस्ताव को विस्तृत विचार-विमर्श उपरांत सक्षम प्राधिकारी को स्वीकृति हेतु प्रेषित किया जाना संभावित है।
प्रस्ताव स्वीकृत होने की स्थिति में दुर्ग–रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग–53 पर ट्रैफिक दबाव कम किया जा सकेगा, जिससे जाम की स्थिति में राहत, दुर्घटनाओं में कमी तथा आपातकालीन स्थिति में वैकल्पिक मार्ग की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। साथ ही प्रतिदिन रायपुर आने-जाने वाले नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।




