US-Israel-Iran War: ओमान की खाड़ी में भारतीय नागरिक की मौत, तेल टैंकर को विस्फोटकों से भरी बोट ने मारी टक्कर

ईरान के खिलाफ जारी इजरायल-अमेरिका के युद्ध में एक भारतीय नागरिक की भी मौत हुई है। ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह खामेनेई की मौत के बाद ईरानी सेना चौतरफा हमले कर रही है। इसी कड़ी में कई तेल टैंकरों को भी निशाना बनाया जा रहा है। ओमान की खाड़ी में ऐसे ही एक टैंकर को निशाना बनाया गया, जिसमें मौजूद भारतीय नागरिक की मौत हो गई। मंत्रालय ने मृतक की पहचान उजागर नहीं की, लेकिन सूत्रों ने बताया कि वह भारतीय मूल का था। बचाए गए लोगों में 16 भारतीय, चार बांग्लादेशी और एक यूक्रेनी नागरिक शामिल थे।
विस्फोटकों से लदी एक बोट इस तेल टैंकर से टकराई थी। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ। इससे टैंकर में आग लग गई। इस दौरान एक क्रू मेंबर की मौत हो गई, जो भारतीय मूल का था। अन्य 21 क्रू मेंबर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह घटना ओमान की खाड़ी में मस्कट प्रांत के तट के पास हुई। तेल टैंकर को टक्कर मारने वाली बोट मे ंकोई भी व्यक्ति सवार नहीं था।
ड्रोन बोट से हुआ हमला
ओमान ने सोमवार को कहा कि ओमान की खाड़ी में एक ड्रोन ने मार्शल द्वीपसमूह के ध्वज वाले एक तेल टैंकर पर हमला किया, जिसमें जहाज पर सवार एक नाविक की मौत हो गई। सरकार संचालित ‘ओमान न्यूज एजेंसी’ ने सल्तनत की राजधानी मस्कट के तट से दूर ओमान की खाड़ी में हुए इस हमले की खबर दी।
इसने पोत की पहचान ‘एमकेडी वीवाईओएम’ के रूप में बताई। एजेंसी ने कहा कि मारा गया नाविक भारत से था। ईरान फारस की खाड़ी के संकरे मुहाने, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास आने वाले जहाजों को लगातार धमकी दे रहा है और माना जाता है कि उसने कई हमले किए हैं। ये हमले इजराइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर की गई सैन्य कार्रवाई के चलते पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के दौरान हुए हैं।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे



