
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप–2 (एस.एम.एस.-2) में दिनांक 17 से 24 फरवरी 2026 तक सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों एवं अधिकारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता, सतर्कता तथा उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना तथा कार्यस्थल पर शून्य-दुर्घटना संस्कृति को प्रोत्साहित करना था।
सुरक्षा सप्ताह के समापन समारोह के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (प्रोजेक्ट्स) पी. के. सरकार थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक (एस.एम.एस.-2) एस. के. घोषाल ने की। इस अवसर पर सेफी चेयरमेन एवं ओए-बीएसपी के अध्यक्ष एन के बंछोर, मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएँ) देवदत्त सतपथी सहित अन्य मुख्य महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ सुमित कुमार द्वारा सभी उपस्थितजनों को सुरक्षा शपथ दिलाकर किया गया। तत्पश्चात उन्होंने सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर विस्तृत सुरक्षा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें विभाग की सुरक्षा उपलब्धियों, जोखिम न्यूनीकरण उपायों तथा भविष्य की कार्ययोजना का उल्लेख किया गया।
सुरक्षा सप्ताह के दौरान विविध सुरक्षा-उन्मुख कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें क्यू-कार्ड्स एवं टूलबॉक्स वार्ता पर आशु भाषण, सेफ्टी पेंटिंग पोस्टर प्रतियोगिता, सेफ्टी स्लोगन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता, औद्योगिक कार्य संबंधी सामान्य ज्ञान पर क्विज़ तथा अधिकारियों हेतु सुरक्षा मानकों पर विशेष क्विज़ प्रतियोगिता शामिल रहीं।
सभी प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों एवं अधिकारियों की उत्साहपूर्ण एवं सक्रिय सहभागिता रही, जो गत वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय रूप से अधिक थी। यह बढ़ती सहभागिता कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच एवं प्रतिबद्धता को परिलक्षित करती है। सप्ताह के दौरान “गैस सेफ्टी एवं लाइफस्टाइल डिजीज” विषय पर एक विशेष कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञों द्वारा औद्योगिक गैसों के सुरक्षित उपयोग, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा जीवनशैली जनित रोगों की रोकथाम पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। अपने प्रेरक उद्बोधन में मुख्य अतिथि पी. के. सरकार ने सुरक्षा को कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाने, मानकों के कड़ाई से पालन तथा “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु निरंतर सजग एवं प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
महाप्रबंधक (एस.एम.एस.-2) एन. के. डेथे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सुरक्षा को दैनिक कार्यप्रणाली का स्थायी अंग बनाए रखने पर बल दिया। एस.एम.एस. बिरादरी ने संकल्प लिया कि सुरक्षा सप्ताह केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रम न होकर, प्रत्येक कार्यदिवस में सुरक्षा मानकों के सख्त अनुपालन की जीवंत प्रतिबद्धता के रूप में निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन एस.एम.एस.2 के संजीव सिंह द्वारा किया गया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




