
भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राज्यस्तरीय सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 31 चोरी की बाइक बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹31 लाख बताई जा रही है। मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संलिप्तों की तलाश जारी है।
कैसे खुला संगठित गिरोह का राज?
वर्ष 2024 से भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। विशेष रूप से बीएसपी मुख्य गेट की दोपहिया पार्किंग और भिलाई-भट्टी क्षेत्र को चोरों द्वारा निशाना बनाया जा रहा था। थाना भिलाई नगर में दर्ज मामलों की गहन समीक्षा, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी ई. पापा राव को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।
चोरी की बाइक जशपुर में खपाई जाती थीं
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह चोरी की गई बाइकों को कुंकुरी (जिला जशपुर) ले जाकर अपने सहयोगियों के माध्यम से बेचता था। इस नेटवर्क में मनोज राम और राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि सहित अन्य लोग शामिल थे। गिरोह लोकप्रिय मॉडलों, विशेषकर होंडा साइन जैसी बाइकों को निशाना बनाता था।
31 वाहन बरामद, कई थाना क्षेत्रों के केस सुलझे
पुलिस विवेचना में कुल 31 दोपहिया वाहन जप्त किए गए, जिनमें—
-
भिलाई-भट्टी क्षेत्र की 13 गाड़ियां
-
छावनी थाना क्षेत्र की 3 गाड़ियां
-
रायपुर क्षेत्र की 2 गाड़ियां
-
3 ऐसे वाहन जिनके दस्तावेज पंजीबद्ध नहीं पाए गए
बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग ₹31 लाख आंकी गई है।
BNS की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई
प्रकरण में संबंधित अपराध क्रमांकों के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अन्य संलिप्त आरोपियों की पतासाजी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
-
ई. पापा राव, निवासी कुशालपुर, चंगोरा भाठा, जिला रायपुर
-
मनोज राम, निवासी कुंकुरी, जिला जशपुर
-
राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि, निवासी कुंकुरी, जिला जशपुर
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफलता में थाना भिलाई नगर प्रभारी, थाना स्टाफ, साइबर सेल टीम एवं विशेष जांच दल की अहम भूमिका रही। तकनीकी विश्लेषण और समन्वित कार्रवाई से संगठित गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर ही खड़ा करें। पार्किंग के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। वाहन चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




