नगर सेवाएँ विभाग में राजभाषा अंतर्गत संस्मरण-प्रस्तुति कार्यक्रम सम्पन्न…

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएँ विभाग में 23 फरवरी 2026 को राजभाषा गतिविधियों के अंतर्गत संस्मरण-प्रस्तुति कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. परदेशी राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा कर्मचारियों में सृजनात्मक लेखन एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना था।
इस अवसर पर डॉ. परदेशी राम वर्मा ने संस्मरण-लेखन एवं उसकी प्रभावी प्रस्तुति पर प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि “जो कुछ व्यक्त हो रहा है उसे ग्रहण करना और जो ग्रहण किया है उसे प्रभावी रूप से व्यक्त करना—यदि कोई यह कला सीख लेता है, तो उसका जीवन सार्थक हो जाता है।” उन्होंने अपने मार्गदर्शन से प्रतिभागियों को सृजनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (नगर सेवाएँ) एवं सम्पदा अधिकारी राजेश कुमार साहू, मूल्यांकन सहायक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन राजभाषा के संवर्धन के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास में भी सहायक सिद्ध होते हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में महाप्रबंधक (नगर सेवाएँ) राजेश कुमार साहू ने 27 वर्ष पूर्व की एक प्रेरक घटना साझा करते हुए संदेश दिया कि शिक्षित एवं संस्कारित व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी शांत, संयमित एवं सकारात्मक व्यवहार बनाए रखता है। कार्यक्रम के अंतर्गत सम्पदा, नगर विद्युत अभियांत्रिकी, शिक्षा, जनस्वास्थ्य तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभागों के कुल 12 प्रतिभागियों ने अपने निजी जीवन से जुड़ी घटनाओं पर आधारित स्वलिखित संस्मरण प्रस्तुत किए।
16 पंजीकृत प्रतिभागियों में से 10 ने मंच पर प्रस्तुति दी। सभी संस्मरण अनुभव, संवेदना एवं जीवन-मूल्यों से परिपूर्ण रहे, जिन्होंने उपस्थित जनों को भावविभोर किया। श्रेष्ठ पाँच प्रस्तुतियों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार नगर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के उप प्रबंधक नन्द किशोर बोरकर को प्रदान किया गया वहीं द्वितीय पुरस्कार नगर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के सहायक महाप्रबंधक पी.एस. सिदार तथा शिक्षा विभाग के डॉ. शीतल चन्द्र शर्मा को दिया गया।
तृतीय पुरस्कार नगर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के आर. शेषाद्रि अय्यर को तथा प्रोत्साहन पुरस्कार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक पी.एल. साहू को प्रदान किया गया। अन्य सभी प्रतिभागियों को सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (नगर सेवाएँ-प्रवर्तन) एवं हिंदी समन्वय अधिकारी मुकुन्द दास मानिकपुरी द्वारा किया गया तथा अनुभाग अधिकारी सुश्री सुलेखा नायक ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




