
सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के सामग्री प्रबंधन विभाग द्वारा दिनांक 13 फरवरी, 2026 को मानव संसाधन –ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के सभागार में नियोजित अधिकारियों एवं इंडेंटर्स के साथ एक संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र का मुख्य विषय आइटम कोडिफिकेशन प्रणाली में आर्टिफिसियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्रियान्वयन तथा क्रय प्रक्रियाओं से संबंधित महत्वपूर्ण एवं समसामयिक मुद्दों पर विचार-विमर्श रहा, जिससे क्रय प्रणाली को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं दक्ष बनाया जा सके।
सत्र के तकनीकी भाग में कोडिफिकेशन प्रणाली में एआई के क्रियान्वयन पर विस्तृत प्रस्तुति वरिष्ठ प्रबंधक (ए एंड डी विभाग) एस. पी. राजकुमार द्वारा दी गई। उन्होंने एआई उपकरणों के माध्यम से आइटम कोडिफिकेशन में शुद्धता, दक्षता एवं मानकीकरण को सुदृढ़ करने के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। तकनीकी परीक्षण (टेक्निकल स्क्रूटनी) से संबंधित विषयों पर सहायक महाप्रबंधक (पर्चेस विभाग) सिद्धार्थ ने प्रस्तुति दी।
आईटीओ, एसटीओ एवं आईपीटी से संबंधित प्रक्रियाओं एवं विवरणों की जानकारी वरिष्ठ प्रबंधक (स्टोर्स) रवि कुमार द्वारा प्रस्तुत की गई। मुख्य महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) के. सी. मिश्रा ने क्रय एवं कोडिफिकेशन प्रणाली में एआई के व्यावहारिक पहलुओं एवं इसकी रणनीतिक महत्ता पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला।
अपने समापन संबोधन में कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) अजय कुमार चक्रवर्ती द्वारा नियोजन अधिकारियों को कोडिफिकेशन में एआई आधारित प्रणालियों को सक्रिय रूप से अपनाने तथा विकसित होती क्रय प्रक्रियाओं के अनुरूप अद्यतन रहने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे संगठनात्मक दक्षता एवं पारदर्शिता को और सुदृढ़ किया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन उप महाप्रबंधक (पर्चेस विभाग) सुश्री यामिनी ताम्रकार ने किया। इस सत्र में विभिन्न विभागों के नियोजन अधिकारियों के साथ-साथ मुख्य महाप्रबंधकगण की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम में 150 से अधिक अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिससे यह सत्र अत्यंत सफल एवं सार्थक सिद्ध हुआ।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




