दुर्ग जिला अस्पताल परिसर में युवती से छेड़छाड़ और मारपीट: पीछा कर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार…

दुर्ग। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला चिकित्सालय परिसर में एक युवती के साथ मारपीट, गाली-गलौज और छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से युवती का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था और जान से मारने की धमकी भी दे रहा था।
बीएएमएस इंटर्न से की जबरदस्ती, अस्पताल परिसर में हुई घटना
पीड़िता शासकीय जिला चिकित्सालय दुर्ग में बी.ए.एम.एस. इंटर्नशिप कर रही है। उसने 10 फरवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी पिछले कुछ समय से अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर उसका पीछा और मानसिक उत्पीड़न कर रहा था।
पार्किंग एरिया में मारपीट और धमकी
शिकायत के अनुसार 10 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 01:20 बजे जिला अस्पताल दुर्ग के पार्किंग क्षेत्र में आरोपी ने युवती को बुरी नीयत से पकड़कर जबरन साथ चलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
BNS की गंभीर धाराओं में केस दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 76/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 74, 78(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अपराध पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश कर 11 फरवरी 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस प्रकरण में फिलहाल कोई भौतिक जप्ती नहीं की गई है।
आरोपी का विवरण
-
नाम: दानिश निर्मलकर उर्फ दानेश्वर निर्मलकर
-
उम्र: 26 वर्ष
-
निवासी: संतोषी चौक, वार्ड क्रमांक 06, जामुल भिलाई
-
थाना: जामुल, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)
पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई
इस पूरे मामले में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग के थाना प्रभारी, विवेचना अधिकारी एवं स्टाफ आरक्षकों की त्वरित और सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की महिलाओं से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करने, धमकी या उत्पीड़न की घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर दें। महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सख्त और त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




