मड़ई मेला और बाजार क्षेत्रों में पुलिस का सख्त अभियान, असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई, 450 से ज्यादा लोहे के कड़े जब्त…

दुर्ग जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। दिनांक 16 जनवरी 2026 को मड़ई मेला, प्रमुख बाजारों और अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सघन पुलिस अभियान चलाया गया, जिससे असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सका।
दहशत फैलाने की कोशिश पर त्वरित एक्शन, लोहे के कड़े पहनकर अड्डेबाजी कर रहे युवक पुलिस के रडार पर
अभियान के दौरान पुलिस ने पाया कि कुछ युवक बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी कर रहे थे, जिससे आम नागरिकों में भय और अव्यवस्था का माहौल बन सकता था। पुलिस ने ऐसे तत्वों को तुरंत चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की, उनके लोहे के कड़े उतरवाए और आगे इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
450 से अधिक लोहे के कड़े जब्त, मेला और बाजारों में बना रहा अनुशासन और शांति
इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने लगभग 450 से अधिक लोहे के कड़े जब्त किए। इस त्वरित और सख्त कार्रवाई का असर यह रहा कि मड़ई मेला परिसर, बाजार क्षेत्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर शांति एवं अनुशासन बना रहा, जिससे आम नागरिकों ने राहत महसूस की।
पूरे जिले की पुलिस रही अलर्ट, संयुक्त प्रयास से सफल हुआ अभियान
इस अभियान में जिले के सभी थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
समन्वित टीमवर्क, सतर्क निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई के चलते अभियान को पूरी तरह सफल बनाया गया।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील, कानून व्यवस्था बनाए रखने में करें सहयोग
दुर्ग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि
-
सार्वजनिक स्थलों पर शांति बनाए रखें
-
हथियारनुमा वस्तुएँ पहनकर घूमने या अड्डेबाजी से बचें
-
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें
कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




