I4C के समन्वय से दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 म्यूल बैंक खातों से साइबर ठगी, 16 आरोपी गिरफ्तार…

दुर्ग/ दुर्ग पुलिस ने भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र (I4C) के सहयोग से साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मोहन नगर क्षेत्र में 22 बैंक खातों के जरिए की गई ₹10.67 लाख की साइबर ठगी का खुलासा करते हुए पुलिस ने 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
समन्वय पोर्टल से मिली सूचना, खुला पूरा नेटवर्क, जानबूझकर उपलब्ध कराए गए थे बैंक खाते
दिनांक 03 नवंबर 2025 को भारत सरकार एवं गृह मंत्रालय द्वारा संचालित I4C के “समन्वय पोर्टल” से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना मोहन नगर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत 22 बैंक खातों का उपयोग साइबर धोखाधड़ी से अर्जित राशि के लेन-देन में किया जा रहा था।
₹10,67,665 की साइबर ठगी का खुलासा, म्यूल अकाउंट के जरिए किया गया ट्रांजैक्शन
विवेचना के दौरान यह प्रमाणित हुआ कि इन बैंक खातों के माध्यम से कुल ₹10,67,665/- की राशि साइबर अपराध से प्राप्त की गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि खाताधारकों ने जानबूझकर अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए, जिन्हें विभिन्न ठगी मामलों में रकम ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल किया गया।
अपराध दर्ज, 16 आरोपी गिरफ्तार, BNS की गंभीर धाराओं में कार्रवाई
इस मामले में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 593/2025 अंतर्गत धारा 317(2), 317(4), 318(4), 111(3) एवं 61 BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई। जांच के बाद 16 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची, दुर्ग और उतई क्षेत्र के निवासी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में दुर्ग, सुपेला, उतई, कुम्हारी और कोहका क्षेत्र के निवासी शामिल हैं, जिनकी उम्र 20 से 58 वर्ष के बीच है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी म्यूल अकाउंट संचालन में सक्रिय रूप से शामिल थे।
डिजिटल साक्ष्य और बैंक डिटेल जब्त, 22 खातों का पूरा रिकॉर्ड कब्जे में
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 22 संबंधित बैंक खातों का विवरण एवं महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं, जिनका तकनीकी विश्लेषण ACCU और साइबर टीम द्वारा किया गया।
पुलिस और ACCU की सराहनीय भूमिका, तकनीकी विश्लेषण से संभव हुई गिरफ्तारी
इस पूरे ऑपरेशन में थाना मोहन नगर पुलिस, ACCU अधिकारियों और तकनीकी टीम ने आपसी समन्वय, डेटा एनालिसिस और त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
दुर्ग पुलिस की आम जनता से अपील, बैंक डिटेल साझा न करें, तुरंत करें शिकायत
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि-
-
अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, ओटीपी या मोबाइल बैंकिंग जानकारी किसी को न दें
-
साइबर अपराध की सूचना तुरंत हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाना में दें
पुलिस ने चेतावनी दी है कि साइबर अपराध में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




