छत्तीसगढ़दुर्ग

​मोहलाई में गूँजा रजत जयंती का उल्लास: समय पर बिजली बिल पटाने वाले 20 उपभोक्ता और सोलर मित्र हुए सम्मानित

दुर्ग – छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL), दुर्ग क्षेत्र द्वारा ग्राम मोहलाई में दिनांक 30 जनवरी को वितरण केंद्र स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में उत्कृष्ट उपभोक्ताओं और सेवानिवृत्त कर्मियों का सम्मान किया गया।

​कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष श्रीमती कुलेश्वरी देवांगन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत मोहलाई के सरपंच डॉ. नरेंद्र निषाद ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती आशा विक्की मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

​समारोह के दौरान वितरण कंपनी ने विद्युत सेवाओं और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए कई श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए। विभाग के 5 सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों को उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के लिए शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। पिछले दो वर्षों से लगातार समय पर बिजली बिल का भुगतान करने वाले 20 उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र दिया गया। इनमें बीपीएल, घरेलू, गैर-घरेलू और कृषि पंप श्रेणी के उपभोक्ता शामिल थे।

​कार्यक्रम में पर्यावरण अनुकूल बिजली के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए क्षेत्र के प्रथम 5 सोलर कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

​विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी

​कार्यक्रम में मोहलाई एवं आसपास के गाँवों के ग्रामीण व विद्युत उपभोक्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। विभाग की ओर से सहायक अभियंता (बघेरा उप संभाग) अविनाश दुबे, कनिष्ठ अभियंता उत्तम सोनी (बघेरा), शैलेश पाटले (नगपुरा) और नितिन देशमुख (बोरी) सहित बघेरा वितरण केंद्र के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

​सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय खंडेलवाल ने कहा कि यह आयोजन न केवल राज्य स्थापना के 25वें वर्ष का उत्सव था, बल्कि विभाग और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम भी रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button