
सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र की रावघाट लौह अयस्क खदान परियोजना द्वारा आयोजित आठ दिवसीय रावघाट क्रिकेट प्रतियोगिता “सेल रावघाट प्रीमियर लीग” का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 27 जनवरी 2026 को कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (रावघाट) अनुपम बिष्ट उपस्थित रहे। क्षेत्रीय युवाओं में खेल भावना के विकास, आपसी सद्भाव को प्रोत्साहित करने तथा सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारम्भ 20 जनवरी 2026 को उप महाप्रबंधक (रावघाट) डी. एन. रस्तोगी एवं सहायक महाप्रबंधक (रावघाट) सचिन रंगारी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक योगेश वर्मा एवं वागेश तिवारी की भी विशेष उपस्थिति रही। प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों की भागीदारी रही। अंतिम मुकाबले में पालकी टीम द्वारा निर्धारित 96 रनों के लक्ष्य को कोलर टीम ने अपने शानदार बल्लेबाजी के दम पर प्राप्त कर प्रतियोगिता में विजेता का स्थान अर्जित किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अरुण कुमार द्वारा प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान विजेता कोलर टीम, उपविजेता पालकी टीम तथा तृतीय स्थान प्राप्त बैहासाल्हेभाट टीम को क्रमशः 51,000 रूपये, 31,000 रूपये एवं 21,000 रूपये की पुरस्कार राशि सहित ट्रॉफी प्रदान की गई।
साथ ही मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज सहित अन्य व्यक्तिगत पुरस्कारों के माध्यम से खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द सीरीज को 5,000 रूपये एवं ट्रॉफी, मैन ऑफ द मैच को 3,000 रूपये एवं ट्रॉफी, बेस्ट बैट्समैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बॉलर ऑफ द सीरीज तथा बेस्ट ऑल-राउंडर ऑफ द सीरीज को क्रमशः 3,000 रूपये की पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस आठ दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन सचिन रंगारी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें रामसनेही यदु, मोरध्वज सिंह एवं अजय कुमार यदु ने अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। खिलाड़ियों की स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु दंडकवन रावघाट स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. ओमप्रकाश टंडन एवं उनकी पैरामेडिकल टीम ने अपनी चिकित्सकीय सेवाएं दीं।
उल्लेखनीय हैं कि प्रबंधन द्वारा कांकेर व नारायणपुर जिले की 17 पंचायतों की 24 टीमों के 312 खिलाड़ियों को स्थानीय खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु पूर्ण क्रिकेट किट उपलब्ध कराई गई। साथ ही आयोजन स्थल पर लगाए गए सेल्फी जोन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे।
समापन दिवस पर आयोजित सामूहिक भोज में क्षेत्र के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों तथा माइंस प्रबंधन के अधिकारियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता के माध्यम से खेल भावना के साथ सामाजिक सौहार्द एवं सामुदायिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित किया गया। आयोजन में श्रीमती दंतेश्वरी वट्टी, राकेश कावडे (जनपद सदस्य), स्थानीय गायता प्रमुखों ( मेहतूराम दर्रो, लखमू नूरेटी, मनसू राम उसेंडी), क्षेत्र के सरपंचों तथा श्रमिक समितियों ने अपना सहयोग प्रदान किया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




