दुर्ग में क्रिकेट महासंग्राम फाइनल: स्पर्श हॉस्पिटल ने शानदार जीत के साथ खिताब पर कब्जा जमाया…

दुर्ग। एस.आर. हॉस्पिटल एंड कॉलेज द्वारा 12 से 25 जनवरी तक आयोजित ‘क्रिकेट महासंग्राम’ टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इस खिताबी भिड़ंत में स्पर्श हॉस्पिटल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चेंबर ऑफ कॉमर्स को 5 विकेट से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल मुकाबले में चेंबर ऑफ कॉमर्स की लड़खड़ाई बल्लेबाजी
फाइनल मैच में स्पर्श हॉस्पिटल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। बल्लेबाजी करने उतरी चेंबर ऑफ कॉमर्स की टीम दबाव में नजर आई और निर्धारित 10 ओवरों में मात्र 74 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके, जिससे स्कोर बेहद कमजोर रहा।
8.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर स्पर्श हॉस्पिटल बना विजेता
75 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए स्पर्श हॉस्पिटल की टीम ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाजी की।
टीम ने 8.3 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट शेष रहते फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज की।
मैच में मौजूद रहे गणमान्य अतिथि
फाइनल मुकाबले के दौरान
-
स्पर्श हॉस्पिटल के डायरेक्टर संजय गोयल
-
समाजसेवी व पूर्व विधायक प्रतिनिधि विष्णु पाठक
-
अनुराग, अखिलेश सिंह और संजय नायक
बतौर अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
महिला वर्ग में नित्या-XI बनी चैंपियन
गौरतलब है कि इसी टूर्नामेंट के अंतर्गत 21 जनवरी को महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला खेला गया था, जिसमें नित्या-XI की टीम ने खिताब अपने नाम किया।
26 जनवरी को विजेता खिलाड़ियों का होगा सम्मान
पुरुष और महिला वर्ग की विजेता टीमों को 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के अवसर पर एस.आर. हॉस्पिटल एंड कॉलेज परिसर में आयोजित विशेष समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
खेल और फिटनेस को बढ़ावा देना उद्देश्य: संजय तिवारी
एस.आर. हॉस्पिटल के चेयरमेन संजय तिवारी ने बताया—
“हमारा मुख्य उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देना है, ताकि हमारे स्टूडेंट्स, स्टाफ और आसपास की महिलाएं खेल में भाग लेकर फिट रह सकें। इसी सोच के साथ हम हर साल गणतंत्र दिवस पर यह आयोजन करते हैं।”
महिलाओं को मंच देने वाला आयोजन: अखिलेश सिंह
अखिलेश सिंह ने कहा कि
“इस तरह के आयोजनों से लड़कियों और महिलाओं की खेल प्रतिभा सामने आती है। एस.आर. हॉस्पिटल हर साल उन्हें खेलने का बेहतरीन अवसर देता है।”
समाजसेवियों ने की आयोजन की सराहना
समाजसेवी एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि विष्णु पाठक ने आयोजन के लिए संजय तिवारी को बधाई देते हुए दोनों टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की प्रशंसा की। वहीं टीम प्रमुख कमलेश कुमार और संजय गोयल ने भी बड़े स्तर पर हुए आयोजन को सराहनीय बताया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




