हम सबको समान अवसर दे रहे, मध्य प्रदेश में बेरोजगारी दर सबसे कम- सीएम मोहन यादव

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन में कहा कि हमारा मध्य प्रदेश विकास के नए-नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। आज मध्य प्रदेश की गिनती देश में सबसे तेज गति से विकास करने वाले राज्यों में हो रही है। यही मध्य प्रदेश का अभ्युदय है। एक हालिया राष्ट्रीय सर्वे में सामने आया है कि मध्य प्रदेश में बेरोजगारी दर सबसे कम है। ऐसा इसलिए क्योंकि हम गरीबों, जरूरतमंदों, किसानों, युवाओं, महिलाओं सबको आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
उज्जैन में श्रद्धालुओं की तादाद तेजी से बढ़ रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते एक साल में 7.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आये। श्रद्धालुओं की यह तादाद तेजी से बढ़ रही है। सिंहस्थ आने वाला है, इसलिए दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक मेले के लिए उज्जैन भी पूरी तत्परता और तेजी से तैयार हो रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को उज्जैन शहर में हरिफाटक पुल के चौड़ीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात
सीएम मोहन यादव ने कार्यक्रम में हरिफाटक पुल तक 371.11 करोड़ रुपए की लागत से 6 लेन रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण, उज्जैन शहर में 389.67 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न श्रेणी के निर्माण सहित कुल 760.78 करोड़ रुपए लागत के 15 विकास कार्यों का रिमोट का बटन दबाकर भूमिपूजन किया।
इन विकास कार्यों में 232.73 करोड़ रुपए की लागत से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 836 नए पुलिस आवास और 36 करोड़ रुपए की लागत से न्यू स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का भूमिपूजन भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने यहां 33 करोड़ रुपए के दो निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने रिमोट दबाकर राज्य स्तरीय मिशन कोमल स्पर्श का शुभारंभ किया।
आवश्यकतानुसार 4 लेन और 6 लेन हाई-वे रोड में परिवर्तित किया जाएगा
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि सिंहस्थ उज्जैन की पहचान है। बाबा महाकाल का आशीष पाने से हम किसी को वंचित नहीं रहने देंगे। बाबा महाकाल की नगरी में श्रद्धालुओं के लिए सभी इंतजाम किए जा रहे हैं। बाबा महाकाल के महालोक के विकास और विस्तार के लिए केंद्र सरकार भी हमारी मदद कर रही है। जावरा से उज्जैन की ओर एक नया 4 लेन रोड बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी दिशाओं से उज्जैन की ओर आने वाले सड़क मार्गों को यथा आवश्यकतानुसार 4 लेन और 6 लेन हाई-वे रोड में परिवर्तित किया जाएगा
हम साल भर क्षिप्रा माता के जल से ही स्नान करवाएंगे
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को हम साल भर क्षिप्रा माता के जल से ही स्नान करवाएंगे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हम कोई कसर नहीं रखेंगे। अधिक से अधिक श्रद्धालु एक ही समय में एक साथ स्नान कर सकें, इसके लिए क्षिप्रा में 30 किलोमीटर के नए घाट निर्मित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। इस शहर की जरूरतें अब बढ़ती ही जा रही हैं। इसलिए यहां बाहरी क्षेत्र में न्यू टाऊनशिप विकसित की जाएगी। न्यू टाउनशिप में बड़े बाजार, बस स्टेंड सहित अन्य सुविधाएं भी विकसित करने की हमारी योजना है।
140 करोड़ रुपए से शनिलोक निर्माण सहित अन्य धार्मिक स्थलों का विकास
सीएम मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में मेडिसिटी, मेट्रो सिटी, साइंस सिटी, आईटी पार्क बन रहा है। यहां 140 करोड़ रुपए से शनिलोक का निर्माण सहित मंगलनाथ और अन्य धार्मिक स्थलों का विकास भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार उज्जैन में विभिन्न समाजों को धर्मशाला आदि बनाने के लिए भूमि सहित अन्य सुविधाएं भी प्रदान करेगी।
इससे सभी समाजों की गतिविधियों को समान अवसर मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जनकल्याण के काम हमेशा जारी रहेंगे। वर्तमान व्यवस्थाओं को और भी बेहतर स्वरूप देकर सिटीजन फ्रेंडली बनाया जाएगा।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




