
दुर्ग- दिनांक 23.01.2026 को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस द्वारा नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक अभिनव एवं प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नेहरू नगर चौक, गुरुद्वारा तिराहा, नेहरू नगर क्षेत्र में यातायात पुलिस कर्मी द्वारा यमराज के कॉस्ट्यूम में आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिन वाहन चालकों द्वारा हेलमेट नहीं पहना गया था, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं किया गया था अथवा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया पाया गया, उन्हें यमराज के स्वरूप में प्रतीकात्मक संदेश देते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। स्लोगन एवं कविता के माध्यम से यह बताया गया कि जीवन अमूल्य है और यातायात नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
इस पहल के माध्यम से नागरिकों को सरल, रोचक एवं प्रभावी तरीके से यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन चालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में आमजन ने रुचि लेकर संदेश को ग्रहण किया तथा यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




