छत्तीसगढ़भिलाई

सेल-बीएसपी के शिक्षा विभाग द्वारा टीक्यूटी-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित…

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र का शिक्षा विभाग, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 के कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित कर रहा है। साथ ही शैक्षणिक सत्र 2025-26 में भिलाई और माइन्स क्षेत्र से बीएसपी/गैर-बीएसपी स्कूलों में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले बीएसपी कर्मचारियों के मेधावी बच्चों की पहचान के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। टीक्यूटी-2026 की प्रस्तावित तिथि 31 जनवरी, 2026 है।

उल्लेखनीय है कि सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 के कक्षा नौवीं में प्रवेश और बीएसपी कर्मचारी के मेधावी बच्चों के प्रदर्शन को पुरस्कृत करने के लिए एक ही परीक्षा “टीक्यूटी 2026” आयोजित की जाएगी। बीएसपी कर्मचारी के बच्चों के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी हेतु टीक्यूटी-2026 के लिए पंजीकरण शुल्क 150 रुपये है।

गैर-बीएसपी छात्रों के लिए यह शुल्क 350 रुपये है। बीएसपी कर्मचारी के बच्चें, जो केवल मेधावी बच्चों के लिए पहचान परीक्षण में भाग लेने के इच्छुक हैं, उनके लिए यह पूर्णतः निःशुल्क है। टीक्यूटी की मेरिट में प्रथम रैंक प्राप्त करने वाले बीएसपी कर्मचारियों के मेधावी बच्चों के लिए 8,000 रुपये, द्वितीय स्थान- 7,000 रुपये, तृतीय स्थान- 6,000 रुपये, चतुर्थ स्थान- 5,000 रुपये एवं पंचम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को 4,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

साथ ही टीक्यूटी-2025 की मेरिट में क्रमशः 6वीं, 7वीं, 8वीं, 9वीं और 10वीं रैंक हासिल करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को भी 3,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जायेगा। वहीं, खदान क्षेत्रों के बीएसपी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए पृथक श्रेणी में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 7,000 रुपये एवं 6,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

वर्तमान में बीएसपी स्कूलों में अध्ययनरत इच्छुक विद्यार्थी अपने–अपने विद्यालयों से सर्कुलर एवं पंजीकरण प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं, जबकि गैर–बीएसपी स्कूलों के इच्छुक प्रतिभागी बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर–10 से पंजीकरण प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं।

पंजीकरण प्रपत्र एवं सर्कुलर बीएसपी इंट्रानेट (होम पेज) पर भी उपलब्ध हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी अपनी अंकसूची की सत्यापित प्रति सहित निर्धारित प्रारूप में भरा हुआ आवेदन पत्र बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर–10, भिलाई में 17 जनवरी 2026 तक जमा कर सकते हैं।

टीक्यूटी–2026 की परीक्षा तिथि, आवेदन जमा करने की अनुसूची, पाठ्यक्रम तथा अन्य संबंधित गतिविधियों का विस्तृत विवरण सर्कुलर के अनुलग्नक–II में उपलब्ध है, जबकि कक्षा 9वीं में सीटों के वितरण एवं प्रवेश नीति से संबंधित जानकारी अनुलग्नक–I में दी गई है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी, बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर -10, भिलाई से सभी कार्य दिवसों पर कार्यालयीन समय के दौरान संपर्क कर सकते हैं।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button