छत्तीसगढ़भिलाई

संयंत्र में घायल हुए दो कर्मचारियों की जेएलएन चिकित्सालय में हुई सफल सर्जरी…

सेल– भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल में 19 नवंबर 2025 को ड्यूटी के दौरान दो कर्मचारी ओम प्रकाश साहू (36 वर्ष) तथा कमलेश कुमार वर्मा (57 वर्ष) के घायल होने की घटना सामने आई। लगभग 11:00 बजे कार्य के दौरान एक भारी मेटल प्लेट अचानक गिरने से दोनों कर्मचारियों के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई, जिसके कारण उनके टिबिया एवं फिबुला हड्डी में फ्रैक्चर हुआ।

घटना के तुरंत पश्चात बीएसपी के मेन मेडिकल पोस्ट में प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। तत्पश्चात दोनों कर्मचारियों को बेहतर चिकित्सा हेतु जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र, सेक्टर-9 रेफर किया गया, जहाँ वे लगभग 12:30 बजे पहुँचे। अस्पताल की इमरजेंसी टीम ने तत्काल प्राथमिक चिकित्सा, स्टेबलाइज़ेशन तथा आवश्यक जांचें कर उपचार प्रक्रिया प्रारंभ की।

चोट लगने के 24 घंटे के भीतर, 20 नवंबर 2025 को चिकित्सालय के ऑर्थोपेडिक विभाग द्वारा दोनों कर्मचारियों की सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। यह ऑपरेशन डॉ. रघुनंदन बिसोई के नेतृत्व में किया गया, जो पूर्णतया सफल रहा तथा किसी भी प्रकार की जटिलता सामने नहीं आई।

आधुनिक तकनीकों एवं मिनिमली इनवेसिव विधि के उपयोग से मरीजों को छोटे चीरे, शीघ्र गतिशीलता, न्यूनतम अस्पताल प्रवास तथा प्लास्टर से बचाव जैसे महत्वपूर्ण लाभ प्राप्त हुए। पूरे उपचार के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी द्वारा किए गए समन्वय एवं सहयोग के लिए घायल कर्मचारियों ने विशेष आभार व्यक्त किया।

साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर तथा डॉ. उदय कुमार द्वारा निरंतर प्रदान किए गए मार्गदर्शन एवं चिकित्सकीय नेतृत्व ने समयबद्ध एवं प्रभावी चिकित्सा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दोनों कर्मचारी वर्तमान में स्थिर अवस्था में हैं तथा उनकी रिकवरी प्रक्रिया चिकित्सा टीम की निगरानी में सुचारू रूप से जारी है।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button