
भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग एवं भारत स्काउट गाइड जिला संघ भिलाई के तत्वावधान में 17 नवंबर 2025 को मैत्री बाग में 40वाँ कब–बुलबुल उत्सव मनाया गया। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मुख्य जिला आयुक्त भिलाई संघ एवं महाप्रबंधक (शिक्षा विभाग) श्रीमती शिखा दुबे द्वारा किया गया।
इंग्लिश मीडियम मिडिल स्कूल सेक्टर-6 40वें कब–बुलबुल उत्सव में विजेता रही। इस अवसर पर जिला आयुक्त (गाइड) एवं प्राचार्या बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-10 श्रीमती सुमिता सरकार ने अपने स्वागत उद्बोधन में इस श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए सभी कब–बुलबुल प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं तथा उत्सव में शामिल शालाओं एवं नन्हे प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
बीएसपी की विभिन्न शालाओं के लगभग 200 कब–बुलबुलों ने इस रंगारंग उत्सव में भाग लिया। ध्वजारोहण एवं झंडा गीत के साथ आरंभ हुए कार्यक्रम में प्रार्थना के पश्चात् बच्चों ने विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती शिखा दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि कब–बुलबुल गतिविधियाँ बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा अनुशासन, जिम्मेदारी और नेतृत्व जैसे मूल्यों को बचपन से विकसित करती हैं।
उत्सव के दौरान पूर्व वर्ष की भांति कुल ग्यारह प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से प्रतिभागियों की रचनात्मक प्रतिभा का मूल्यांकन किया गया। सामूहिक नृत्य प्रस्तुति में कब–बुलबुलों ने प्रकृति, पशु-पक्षियों एवं परियों की विविध वेशभूषा एवं मुखौटों के साथ संगीतमय प्रदर्शन प्रस्तुत किया। बुलबुल-ट्री प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने विद्यालय द्वारा तैयार खूबसूरत बुलबुल-ट्री के पास घेरा गीत गाते हुए प्रस्तुति दी।
चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने प्रकृति संरक्षण, प्रदूषण जागरूकता, पशु-पक्षी सुरक्षा, बालिका शिक्षा और देशभक्ति जैसे सामाजिक विषयों को चित्रित किया। विविध वेशभूषा प्रतियोगिता में प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न रूपों को प्रस्तुत किया। गंध पहचान, स्वाद पहचान, तथा गाँठ बाँधो प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी त्वरित पहचान क्षमता, एकाग्रता और कौशल का प्रदर्शन किया।
साथ ही साहसिक गतिविधियों के अंतर्गत कब विद्यार्थियों ने 12 फीट ऊँची रस्सी पर चढ़कर अपनी फुर्ती व साहस का परिचय दिया, वहीं बुलबुल छात्राओं ने 15 मीटर रस्से पर संतुलन दिखाते हुए अपने शौर्य एवं शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया।
सभी प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन शासकीय विद्यालयों में कार्यरत कब–बुलबुल विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा प्रस्तुतिकरण, समय, गणवेश एवं कौशल के मानदंडों के आधार पर किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. उदय कुमार तथा विशिष्ट अतिथि महाप्रबंधक (निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व) श्री शिवराजन नायर थे। अतिथियों का स्वागत स्कार्फ पहनाकर किया गया तथा उन्होंने विभिन्न शालाओं द्वारा सुसज्जित बुलबुल-ट्री का अवलोकन किया। समापन समारोह में कब–बुलबुलों ने समूह नृत्य और विविध वेशभूषा की प्रस्तुति दी।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में आत्मविश्वास, जागरूकता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित कर मजबूत राष्ट्र निर्माण में सहायक सिद्ध होती हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया और सभी कब–बुलबुलों को सीखे गए मूल्यों को जीवन में अपनाने हेतु प्रेरित किया।
महाप्रबंधक (शिक्षा) श्रीमती शिखा दुबे ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कब–बुलबुल गतिविधियों एवं शिक्षा विभाग में चल रहे संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
ध्वजावतरण एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (शिक्षा) मनीष तिवारी द्वारा किया गया व धन्यवाद ज्ञापन भिलाई विद्यालय सेक्टर–2 के प्राचार्य विजय सिंह पवार ने दिया। कार्यक्रम की सफलता में विभिन्न विद्यालयों के शाला प्रमुखों, शिक्षकों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों–कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




