
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीडा, सांस्कृतिक, एवं नागरिक सुविधाएं विभाग (एससी एंड सीए) द्वारा आयोजित सेल इंटर-प्लांट क्रिकेट चैम्पियनशिप 2025 का समापन 15 नवम्बर 2025 को सेक्टर-1 स्थित बीएसपी क्रिकेट ग्राउंड में रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ।
सेल इकाइयों के बीच उच्च स्तरीय खेल-प्रतिस्पर्धा और उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए प्रसिद्ध इस चैम्पियनशिप के फाइनल मुकाबले में भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) और ईस्को इस्पात संयंत्र, बर्नपुर की टीमें आमने-सामने थीं। फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए बर्नपुर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सभी 10 विकेट खोकर 143 रन बना कर बीएसपी की टीम के लिए 144 रनों का लक्ष्य खड़ा किया।
जिसका पीछा करते हुए भिलाई की टीम ने संयमित बल्लेबाजी और प्रभावी साझेदारियों के दम पर 18.4 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाकर 5 विकेट से जीत दर्ज करते हुए चैम्पियन का ताज अपने नाम किया। पुरस्कार वितरण समारोह में महाप्रबंधक (एचआर–नॉन वर्क्स) जे. एन. ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता टीम को बधाई देते हुए पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों द्वारा प्रदर्शित उत्कृष्ट खेल भावना की प्रशंसा की।
व्यक्तिगत पुरस्कारों की श्रेणी में बीएसपी के वेंकटेश को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज़ घोषित किया गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 125 रन बनाए और 10 विकेट हासिल किए। बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार कपिल नायडू को मिला, जिन्होंने पाँच मैचों में कुल 208 रन जुटाए। वहीं बेस्ट बॉलर का खिताब राउरकेला इस्पात संयंत्र के सुवर्ण को दिया गया, जिन्होंने 10 विकेट चटकाए।
फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मैन ऑफ द मैच का सम्मान बीएसपी के सुवेंदु कुमार को मिला, जिन्होंने 37 गेंदों में तेज़तर्रार 54 रनों की प्रभावशाली पारी खेली। फाइनल मुकाबले में अंपायरिंग की महत्वपूर्ण भूमिका राणा प्रताप सिंह और पियूष साहू ने निभाई। वहीं स्कोरर की जिम्मेदारी संतोष कुमार ठाकुर ने संभाली।
इस अवसर पर एससी एंड सीए विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें ओलंपियन उप-महाप्रबंधक एवं अर्जुन अवॉर्डी राजेन्द्र प्रसाद, उप-प्रबंधक अभिजीत भौमिक, वी. मोहन दास, बी. डी. करूपट्टी, प्रभंजय चतुर्वेदी, सरजीत चक्रवर्ती, पी. टी. उल्लास, दुश्यंत हरमुख, प्रवीण उपाध्याय, बृजलाल मौर्य, अनिरुद्ध, महाराणा तथा सागर शामिल रहे। सभी ने पूरे चैम्पियनशिप के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




