R.O. No. - 13538/44
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सतर्कता एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल से बीएसपी स्कूल के बच्चों में नैतिक मूल्यों को विकसित करने के कार्यक्रम के तहत, सुनीति उद्यान सेक्टर-8 में एथिक्स क्लब (नैतिकता क्लब) निर्माण किया गया है। दिनांक 25 अक्टूबर 2025 को सेल-बीएसपी के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र के मुख्य आतिथ्य में एवं कार्यपालक निदेशकों की उपस्थिति में, “सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025” के अंतर्गत एथिक्स क्लब में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के साथ कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) पी के सरकार, कार्यपालक निदेशक (माईन्स) कमल भास्कर, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (एम एंड एचएस) डॉ विनिता द्विवेदी सहित मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ सुनील सिंघल विशेष रूप से उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि ने शालेय छात्रों द्वारा नैतिकता, अखंडता, देशप्रेम, सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, सद्भावना आदि संदेशों पर चित्रित पोस्टरों की समीक्षा की और विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई वॉल मैगज़ीन की रचनात्मकता की सराहना की। निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र द्वारा एथिक्स क्लब ध्वज वंदन के साथ ही एथिक्स क्लब के सदस्य बच्चों (यंग चैंपियंस ऑफ एथिक्स) ने नीतिगान का गायन किया और नैतिकता की शपथ दिलाई गई।
तत्पश्चात एथिक्स क्लब के सदस्य बच्चों द्वारा विभिन्न 12 नैतिक मूल्यों पर विचार व्यक्त करते हुए नैतिकता के 12 स्मारकों- अखंडता, देशभक्ति, सहिष्णुता, धर्मनिरपेक्षता, सादगी, ईमानदारी, प्रेम, करुणा, जिम्मेदारी, सम्मान, अहिंसा और एकता के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों और अतिथियों के बीच नैतिक मूल्यों पर आधारित एक रोचक और संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में मुख्य अतिथि एवं सभी विशेष अतिथियों ने अपने अनुभव और वर्तमान परिप्रेक्ष्य से तथ्य बच्चों के साथ साझा किये। एथिक्स क्लब एक स्वैच्छिक सामुदायिक मंच के रूप में कार्य करता है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक और चारित्रिक मूल्यों का विकास करना है।
R.O. No. - 13538/44
यह एनएसएस, एनसीसी तथा स्काउट्स एंड गाइड्स जैसी सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के समान है। इंटरैक्टिव गतिविधियों और खेलों के माध्यम से छात्र-छात्राएँ ये मूल्य सहज रूप से आत्मसात करते हैं, जिससे वे अपने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नैतिक आचरण और सत्यनिष्ठा का प्रदर्शन करने में सक्षम बनते हैं।
“मूल्यों से परिपूर्ण जीवन” एथिक्स क्लब का मूल मंत्र है, जो प्रत्येक सदस्य को नैतिक आदर्श का प्रतीक बनने और समाज में मूल्य प्रेरक व नैतिकता के प्रचारक के रूप में सकारात्मक भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है। उल्लेखनीय है कि महारत्न कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र के स्कूलों में नैतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु 27 जुलाई 2011 को एथिक्स क्लब की स्थापना की गई थी।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (शिक्षा) सुश्री नमिता देशपांडे ने किया तथा महाप्रबंधक (शिक्षा) सुश्री शिखा दुबे द्वारा कार्यक्रम का समन्वय किया गया। यह आयोजन भिलाई इस्पात संयंत्र के सतर्कता विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे
