
सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा प्रधानमंत्री ट्रॉफी “सर्वोत्तम” छात्रवृत्ति एवं प्रतिभा पुरस्कार वितरण समारोह 2024-25 का आयोजन 17 अक्टूबर, 2025 को सिविक सेंटर, भिलाई स्थित महात्मा गांधी कला मंदिर में किया गया। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को उच्च शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति प्रदान की गई तथा विभिन्न स्कूल बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर विद्यार्थियों, जिनमें टीक्यूटी के विद्यार्थी भी शामिल थे,सभी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए. के. चक्रवर्ती थे व विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार तथा कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा) डॉ. विनीता द्विवेदी, मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं एवं सीएसआर) उत्पल दत्ता सहित विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, अधिकारियों के संगठन, संघों, यूनियन पदाधिकारियों, वरिष्ठ अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, पुरस्कार प्राप्तकर्ता छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके उपरांत ईएमएमएस, सेक्टर-6 के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति योजना भिलाई इस्पात संयंत्र की एक विशिष्ट पहल है, जिसके अंतर्गत छात्रवृत्ति की राशि प्रधानमंत्री ट्रॉफी की पुरस्कार राशि से अर्जित ब्याज के एक हिस्से से प्रदान की जाती है।
“सर्वोत्तम छात्रवृत्ति” उन 75 विद्यार्थियों को दी जा रही है जिन्होंने आईआईएम, एम्स, आईआईटी, एनआईटी, नेशनल लॉ कॉलेज, सीए, सीएमए, आईआईएसईआर, एनआईएफटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया है। चयनित छात्रों को उनके पाठ्यक्रम की अवधि के लिए प्रतिवर्ष रू.25,000 की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
इस वर्ष कुल 160 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से चयनित 75 छात्रों को रू.19.34 लाख की राशि छात्रवृत्तियों के रूप में प्रदान की गई। इनमें से 14 छात्र-छात्राएँ अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग से हैं। इसके अतिरिक्त, कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों को “मेरिट पुरस्कार” भी प्रदान किए गए, जिनमें सीबीएसई, सीजी बोर्ड एवं अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों के टॉपर शामिल थे। इस श्रेणी में कुल 35 विद्यार्थियों को रू.3.14 लाख की राशि छात्रवृत्तियों के रूप में वितरित की गई।
इस वर्ष इस श्रेणी में कुल 183 आवेदन प्राप्त हुए। मुख्य अतिथि ए. के. चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में कहा कि “सर्वोत्तम छात्रवृत्ति एवं मेधावी पुरस्कार केवल आर्थिक सहयोग का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और उनके परिवारों के आत्मविश्वास, मनोबल एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रेरित करने वाला प्रकाश स्तंभ हैं।”
उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने चुने हुए क्षेत्रों में उत्कृष्टता की ज्योति को प्रज्वलित रखें और निरंतर समर्पण एवं परिश्रम से अपनी उपलब्धियों को नई ऊँचाइयों तक ले जाएँ। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन महाप्रबंधक (शिक्षा) श्रीमती शिखा दुबे द्वारा दिया गया।
उन्होंने प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति योजना की जानकारी दी एवं पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सजीता राजेश, व्याख्याता एवं वरिष्ठ शिक्षिका सुश्री महुवा चटर्जी ने किया व धन्यवाद ज्ञापन बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल-10 की प्राचार्या श्रीमती सुमिता सरकार द्वारा किया गया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




