
दुर्ग। केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने दशहरा पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की। उन्होंने कहा कि बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा हम सभी के जीवन में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करता है। यह पर्व हमें सत्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाता है।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए हमें समाज में समरसता, भाईचारा और मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाना होगा। यही मार्ग हमें एक सशक्त और सभ्य समाज की ओर ले जाएगा।
उन्होंने कहा कि रामराज्य की परिकल्पना केवल शासन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के जीवन में नैतिकता, न्याय और समानता को स्थापित करने का संदेश देता है। आज के बदलते परिवेश में श्रीराम के आदर्शों और दशहरा पर्व की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है।
श्री यादव ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस अवसर पर समाज में व्याप्त बुराइयों को त्यागकर सकारात्मक सोच, सहयोग की भावना को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि दशहरा का यह पर्व हमें यह संदेश देता है कि चाहे बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः विजय सदैव सत्य और धर्म की ही होती है।
इस अवसर पर मंत्री श्री यादव ने सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने बैगापारा मिनी स्टेडियम और ऋषभ ग्रीन सिटी में आयोजित भव्य दशहरा उत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीराम की आरती में भाग लिए और रावण दहन के कार्यक्रम को देखा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह ने मंत्री श्री यादव का स्वागत किया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




