छत्तीसगढ़भिलाई

आईआईटी भिलाई में छात्र अध्याय एवं सुरक्षा कार्यशाला सम्पन्न…

आईआईटी भिलाई एवं भारतीय धातु संस्थान (आईआईएम), भिलाई चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में 06 सितम्बर 2025 को आईआईटी भिलाई परिसर में आईआईएम छात्र सहयोगी अध्याय का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक (संकार्य), भिलाई इस्पात संयंत्र एवं मानद अध्यक्ष, आईआईएम-भिलाई चैप्टर राकेश कुमार रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक, (आईआईटी भिलाई) राजीव प्रकाश ने की। विशेष अतिथि के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र से मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (लौह) तापस दासगुप्ता तथा मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) बी.के. बेहरा उपस्थित थे। इस अवसर पर “औद्योगिक सुरक्षा अभियांत्रिकी” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।

जिसमें भिलाई इस्पात संयंत्र के सुरक्षा अभियांत्रिकी एवं अग्नि सेवा विभाग के विशेषज्ञों ने छात्रों, प्राध्यापकों एवं सुरक्षा कर्मियों को संबोधित किया। मुख्य अतिथि राकेश कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र एवं आईआईएम-भिलाई चैप्टर को आईआईटी भिलाई से जुड़कर गर्व की अनुभूति हो रही है।

उन्होंने उत्कृष्ट आयोजन के लिए संतोष व्यक्त किया और कहा कि नवगठित छात्र अध्याय विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों के लिए प्रेरणादायक मंच बनेगा। स्वागत भाषण में निदेशक राजीव प्रकाश ने छात्र अध्याय की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को आईआईएम जैसी प्रतिष्ठित संस्था से जुड़ने का अवसर मिलेगा और उन्हें बहुआयामी लाभ होंगे।

छात्र अध्याय के भव्य उद्घाटन के पश्चात सुरक्षा अभियांत्रिकी के विभिन्न पहलुओं पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इनमें उप महाप्रबंधक (एसईडी) अनुराग पाठक द्वारा कारखाना अधिनियम 1948 की जानकारी, सहायक प्रबंधक (एसईडी) सुरज कुमार द्वारा पीपीई प्रबंधन, सहायक प्रबंधक एवं डीएसओ (एसएमएस-2) सुमित कुमार द्वारा इंजीनियरिंग उद्योग में सुरक्षा, तथा फायर ऑफिसर (सीएफएस) विशेष राठी एवं उनके टीम द्वारा अग्नि सुरक्षा विषयक व्याख्यान एवं हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण शामिल रहे।

सत्रों में आईआईटी भिलाई के छात्र, प्राध्यापक एवं भिलाई इस्पात संयंत्र के सुरक्षा कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (लौह) तापस दासगुप्ता द्वारा प्रदान किए गए।
इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र से महाप्रबंधक (गुणवत्ता) एवं मानद सचिव, आईआईएम-भिलाई चैप्टर के.वी. शंकर, पूर्व महाप्रबंधक (गुणवत्ता) एवं मानद कोषाध्यक्ष एस.एस.आर.सी. मूर्ति, उप महाप्रबंधक (एम एंड यू) एवं मानद संयुक्त सचिव उदय भानु तिवारी तथा आईआईएम-भिलाई चैप्टर की कार्यकारिणी सदस्य महाप्रबंधक एवं डीएसओ (एसएमएस-3) सुश्री पुष्पा एम्ब्रोज एवं प्रबंधक (आरसीएल) सुश्री मनीषा नंदी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की पहल महाप्रबंधक (गुणवत्ता) के.वी. शंकर ने की, जबकि आईआईटी भिलाई की ओर से सहयोगी प्राध्यापक प्रो. सौम्य गंगोपाध्याय ने समन्वय करते हुए प्राध्यापकों एवं छात्रों की टीम के साथ सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कीं।
कार्यक्रम के समापन भाषण में मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (लौह) तापस दासगुप्ता ने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए आईआईटी भिलाई एवं भिलाई इस्पात संयंत्र की टीम को बधाई दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र एवं आईआईएम-भिलाई चैप्टर भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों में सक्रिय सहयोग प्रदान करते रहेंगे।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com.

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button